पटियाला, 20 मई 2026 (बलजीत सरना) : पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर लोगों की चिंता के बीच पटियाला के मस्त पेट्रोल पंप के मैनेजर हरभजन सिंह ने ईंधन की कीमतों और सप्लाई को लेकर अहम जानकारी साझा की है।
हरभजन सिंह ने बताया कि पेट्रोल की कीमत में करीब 90 पैसे की बढ़ोतरी हुई है, जबकि डीजल के दाम में भी इजाफा दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि इस समय तेल कंपनियों की ओर से पेट्रोल और डीजल की पूरी मात्रा में सप्लाई नहीं की जा रही, क्योंकि पीछे स्टॉक कम होने की स्थिति बनी हुई है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री द्वारा दो महीने का स्टॉक रखने संबंधी बयान के बाद लोगों में भी ईंधन जमा करने की होड़ बढ़ गई है। इसके चलते पेट्रोल पंपों पर मांग में अचानक बढ़ोतरी हुई है। हालांकि कंपनियां उपलब्धता और लागत के अनुसार ही सीमित सप्लाई दे रही हैं।
हरभजन सिंह रिन्ना ने कहा कि यदि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तनाव और युद्ध जैसे हालात जारी रहे, तो आने वाले दिनों में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में और बढ़ोतरी हो सकती है। उनके मुताबिक कच्चे तेल के दाम बढ़ने का सीधा असर ईंधन की कीमतों पर पड़ सकता है।
चंडीगढ़ में पेट्रोल खरीद पर लिमिट लगाने वाले पोस्टरों के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने स्पष्ट किया कि पटियाला में फिलहाल ऐसी कोई पाबंदी लागू नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि ग्राहक अपनी जरूरत के अनुसार जितना चाहे पेट्रोल या डीजल खरीद सकते हैं और पंप की ओर से इस पर कोई रोक नहीं है।