पटियाला, 23 मई, 2026: डॉ. बलबीर सिंह ने आज पटियाला शहर के दशमेश नगर से मेन जेल रोड तक बनने वाली लगभग 2 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण कार्य का उद्घाटन किया। करीब 55 लाख रुपये की लागत से तैयार हो रही यह सड़क क्षेत्रवासियों की पिछले 15 वर्षों से लंबित प्रमुख मांग थी। इस अवसर पर कुन्दन गोगिया भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि पंजाब सरकार, भगवंत मान के नेतृत्व में लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि शहरों और गांवों के विकास के लिए सड़कें, सीवरेज, पेयजल और सफाई व्यवस्था को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि दशमेश नगर और आसपास के इलाकों के लोग लंबे समय से इस सड़क की मरम्मत और पुनर्निर्माण की मांग कर रहे थे। सड़क की खराब स्थिति के कारण लोगों को रोजाना आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था, खासकर बरसात के मौसम में स्थिति और अधिक कठिन हो जाती थी। उन्होंने कहा कि सड़क बनने के बाद लोगों को सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार जनता से किए गए हर वादे को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है और विकास कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने बताया कि पटियाला शहर में अन्य कई विकास परियोजनाओं पर भी तेजी से काम चल रहा है, ताकि लोगों को आधुनिक और सुविधाजनक बुनियादी ढांचा उपलब्ध करवाया जा सके।
इस मौके पर कुन्दन गोगिया ने कहा कि नगर निगम पटियाला द्वारा शहर के प्रत्येक वार्ड में विकास कार्य सुनिश्चित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जा रहा है और आने वाले समय में भी विकास कार्यों की यह श्रृंखला जारी रहेगी।
इलाका निवासियों ने पंजाब सरकार और नगर निगम का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह सड़क लंबे समय से उनकी बड़ी आवश्यकता थी और अब इसके बनने से उन्हें काफी राहत मिलेगी।
इस अवसर पर जसवीर गांधी, चरणजीत एस.के., एमसी मनदीप सिंह विरदी, एमसी देविंदर कौर, उपकार सिंह तथा नगर निगम के अधिकारी भी उपस्थित रहे।