पटियाला, 25 मई 2026 (बलजीत सरना): पटियाला की जगदीश कॉलोनी में चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार घर के सदस्य खेतीबाड़ी के काम के सिलसिले में कुछ दिनों के लिए बाहर गए हुए थे, जिसका फायदा उठाकर चोर घर में दाखिल हो गए। चोर पीछे की दीवार फांदकर घर के अंदर पहुंचे और करीब डेढ़ लाख रुपये के सोने के गहने, 10 हजार रुपये की नकदी तथा घर में लगी टोटियां चोरी कर फरार हो गए।
जब परिवार के सदस्य वापस लौटे और घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की, तब चोरी की घटना का खुलासा हुआ। घर का सामान बिखरा हुआ था और तब तक चोर मौके से फरार हो चुके थे।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से इलाके में गश्त बढ़ाने और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।