विकास कार्यों से बदलेगी पटियाला की तस्वीर : डॉ. बलबीर सिंह
अर्बन एस्टेट के निवासियों ने सफाई में पेश की मिसाल : स्वास्थ्य मंत्री
पटियाला, 26 मई,2026 : पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने आज पटियाला के अर्बन एस्टेट फेज-2 में करीब 5 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली 25 किलोमीटर सड़कों के विकास कार्यों की शुरुआत करवाई। इस मौके पर उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और राज्य के हर शहर एवं गांव का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित किया जा रहा है।
डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि अर्बन एस्टेट फेज-2 की सड़कों के नवीनीकरण से क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिलेगी और यातायात अधिक सुगम बनेगा। उन्होंने बताया कि पंजाब सरकार द्वारा इलाके के पार्कों की मरम्मत और सौंदर्यीकरण के लिए भी विशेष फंड जारी किए गए हैं, ताकि लोगों को स्वच्छ और हराभरा वातावरण मिल सके।
स्वास्थ्य मंत्री ने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि अपने आसपास का वातावरण साफ-सुथरा रखना हर नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जगह-जगह गंदगी के ढेर नहीं लगने चाहिए और लोगों को अपने घरों तथा मोहल्लों की सफाई की ओर विशेष ध्यान देना चाहिए।
उन्होंने अर्बन एस्टेट के निवासियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि इलाके के लोगों ने अपने क्षेत्र को बेहद साफ-सुथरा और व्यवस्थित बनाकर एक मिसाल कायम की है। उन्होंने कहा कि अन्य क्षेत्रों के लोगों को भी इससे प्रेरणा लेनी चाहिए।
डॉ. बलबीर सिंह ने लोगों को अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि वृक्षारोपण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि पौधे वातावरण को शुद्ध रखने के साथ-साथ मानव जीवन के लिए ऑक्सीजन का प्रमुख स्रोत हैं। उन्होंने कहा कि प्रकृति से जुड़कर ही मनुष्य वास्तविक सुख और शांति का आनंद प्राप्त कर सकता है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार का मुख्य उद्देश्य राज्य के हर नागरिक तक बेहतर बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना है। इसी प्रतिबद्धता के साथ सरकार पंजाब के विकास और लोगों की भलाई के लिए दिन-रात कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि आने वाले समय में भी विकास कार्यों की यह श्रृंखला लगातार जारी रहेगी और लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।
इस अवसर पर क्षेत्रवासियों और अन्य प्रमुख हस्तियों ने स्वास्थ्य मंत्री का धन्यवाद किया और विकास कार्यों के लिए पंजाब सरकार की सराहना की।
इस मौके पर पीडीए की मुख्य प्रशासक मिस अपर्णा, चीफ इंजीनियर अजय गर्ग, एसई वरुण गर्ग, एक्सईएन इंजीनियर मुनीश महिता, एसडीई इंजीनियर राजीव कुमार, जेई इंजीनियर अवतार सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।