28 मई, 2026 : पंजाबी सिंगर सुनंदा शर्मा एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह उनका कोई नया शो या लुक नहीं, बल्कि उनका नया गाना ‘जोगी’ है। हाल ही में रिलीज हुआ यह गाना अचानक यूट्यूब से हटाए जाने के बाद विवादों में आ गया है।
बताया जा रहा है कि कॉपीराइट और कथित फर्जी दस्तावेजों से जुड़े विवाद के चलते यूट्यूब ने 26 मई से इस गाने को अपने प्लेटफॉर्म से फिलहाल हटा दिया है। इस कार्रवाई के बाद सुनंदा शर्मा ने खुद सोशल मीडिया पर आकर पूरे मामले की जानकारी अपने फैंस के साथ साझा की।
सुनंदा शर्मा ने कहा कि किसी भी बिजनेस डील के दौरान पूरी कागजी प्रक्रिया बेहद जरूरी होती है ताकि भविष्य में कोई परेशानी न आए। उन्होंने दावा किया कि उनके नए गाने ‘जोगी’ को फर्जी दस्तावेजों के जरिए यूट्यूब से हटवाया गया है। हालांकि, उन्होंने अपने प्रशंसकों को भरोसा दिलाया कि यह गाना जल्द ही दोबारा यूट्यूब पर उपलब्ध होगा।
गायिका ने बताया कि उन्होंने इस गाने को सभी जरूरी एग्रीमेंट और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद रिलीज किया था। सुनंदा के मुताबिक, गीतकार ‘राजा’ के पुराने प्रमोटर्स के पास कुछ कथित नकली दस्तावेज थे, जिनका इस्तेमाल कर यूट्यूब पर शिकायत दर्ज करवाई गई और गाने को होल्ड करवा दिया गया।
सुनंदा शर्मा ने कहा कि कानूनी प्रक्रिया के बाद गाना वापस आ जाएगा, लेकिन इस तरह की घटनाएं पूरी टीम का मनोबल तोड़ देती हैं। खासकर गीतकार राजा इस विवाद से काफी निराश और डिमोटिवेट महसूस कर रहे हैं।