Wednesday, August 26, 2026
HomePatialaविश्व साइकिल दिवस के अवसर पर पटियाला में अस्मिता खेलो इंडिया वूमेन...

विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर पटियाला में अस्मिता खेलो इंडिया वूमेन सिटी लीग एवं विशाल साइकिल रैली आयोजित

मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में द्रोणाचार्य अवार्डी कोच गुरबख्श सिंह और पद्मश्री हरविंदर सिंह हुए शामिल

पंजाब को साइकिलिंग की दुनिया में चमकाएंगे: चरणजीत सिंह ढालीवाल

सब-जूनियर वर्ग में गुनतास संधू ने स्वर्ण, दीक्षा ने रजत और प्रियंका ने कांस्य पदक जीता

जूनियर वर्ग में रुक्मणी ने स्वर्ण, सोम्या ने रजत और इशरीत ने कांस्य पदक हासिल किया

एलीट वर्ग में अर्चना पंजराथ ने स्वर्ण, रजनी कश्यप ने रजत और अरविंदर कौर ने कांस्य पदक जीता

पटियाला, 1 जून, 2026 :  विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर साइकिलिंग एसोसिएशन पंजाब द्वारा जिला साइकिलिंग एसोसिएशन पटियाला के सहयोग से पटियाला में अस्मिता खेलो इंडिया वूमेन सिटी लीग एवं विशाल साइकिल रैली का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को खेलों के माध्यम से सशक्त बनाना, युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना तथा साइकिलिंग को स्वस्थ एवं पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली के रूप में बढ़ावा देना था।

यह कार्यक्रम भारत सरकार के युवा मामले एवं खेल मंत्रालय, स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया, फिट इंडिया तथा साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के सहयोग से “खेल से ही है पहचान” अभियान के तहत आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि द्रोणाचार्य अवार्डी कोच गुरबख्श सिंह तथा विशिष्ट अतिथि पद्मश्री एवं अर्जुन अवार्डी हरविंदर सिंह थे। इस अवसर पर द्रोणाचार्य अवार्डी गुरबख्श सिंह ने कहा, “खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का सबसे प्रभावी माध्यम हैं। अस्मिता खेलो इंडिया जैसी पहलें महिला खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के बेहतरीन अवसर प्रदान करती हैं। पंजाब की बेटियां साइकिलिंग सहित हर खेल में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं, जो गर्व की बात है।”

पद्मश्री एवं अर्जुन अवार्डी हरविंदर सिंह ने अपने संबोधन में कहा, “साइकिलिंग केवल एक खेल ही नहीं, बल्कि स्वस्थ और पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली का प्रतीक भी है। विश्व साइकिल दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम में युवाओं और महिलाओं की बड़ी भागीदारी यह दर्शाती है कि पंजाब में खेलों के प्रति जागरूकता और उत्साह लगातार बढ़ रहा है। मैं विजेता खिलाड़ियों को बधाई देता हूं और आशा करता हूं कि वे भविष्य में देश के लिए और बड़ी उपलब्धियां हासिल करेंगी।”

प्रातः नेताजी सुभाष नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ स्पोर्ट्स (एनआईएस) के मुख्य द्वार के निकट स्थित होटल रेड चिली से विशाल साइकिल रैली को रवाना किया गया। रैली में बड़ी संख्या में साइकिल प्रेमियों, खिलाड़ियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों ने भाग लिया। यह रैली फव्वारा चौक तक निकाली गई, जिसके माध्यम से लोगों को फिटनेस, स्वस्थ जीवनशैली और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इसके उपरांत अस्मिता खेलो इंडिया वूमेन लीग की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।

बाद में दोनों मुख्य अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों को पदक और प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

अस्मिता खेलो इंडिया वूमेन सिटी लीग के विभिन्न वर्गों में आयोजित प्रतियोगिताओं में महिला साइकिलिस्टों ने शानदार प्रदर्शन किया।

सब-जूनियर वर्ग में गुनतास संधू ने स्वर्ण पदक, दीक्षा ने रजत पदक तथा प्रियंका ने कांस्य पदक जीता। जूनियर वर्ग में रुक्मणी ने स्वर्ण पदक, सोम्या ने रजत पदक तथा इशरीत ने कांस्य पदक हासिल किया। एलीट वर्ग में अर्चना पंजराथ ने स्वर्ण पदक, रजनी कश्यप ने रजत पदक तथा अरविंदर कौर ने कांस्य पदक जीता।

साइकिलिंग एसोसिएशन पंजाब के अध्यक्ष चरणजीत सिंह ढालीवाल और महासचिव जगदीप सिंह काहलों ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि पंजाब को साइकिलिंग की दुनिया में नई पहचान दिलाई जाएगी और पिछले 30 वर्षों जितना कार्य एक वर्ष में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अस्मिता खेलो इंडिया वूमेन सिटी लीग महिला खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान कर रही है।

उन्होंने कहा कि पंजाब में साइकिलिंग खेल को और अधिक प्रोत्साहित करने तथा नई प्रतिभाओं को आगे लाने के लिए एसोसिएशन द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इस आयोजन को सफल बनाने में दिलशान सिंह सिद्धू, पटियाला हार्ट इंस्टीट्यूट तथा उनकी पूरी टीम ने विशेष सहयोग दिया।

इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय तीरंदाजी कोच सुरिंदर सिंह, सुखजिंदर सिंह, एस.पी. सिंह, प्रणनाम सिंह बराड़ (निदेशक खेल, रिमट मंडी गोबिंदगढ़), सरप्रीत सिंह, मनीष साहनी, सुखबीर सिंह (आईआरटीएस, प्रिंसिपल जीएम बीएसएनएल पटियाला), नीरज साहनी, राज कुमार, रजेश कुमार, गुरप्रीत कौर (साइकिलिंग कोच), संदीप कौर, हरप्रीत कौर (साइकिलिंग कोच), डॉ. रीतू, नागेश गुप्ता, मेसर्स बिजवर्स वर्ल्ड पटियाला, ग्रीन बाइकर्स, फ्रेंड्स ऑन व्हील्स, रॉयल पटियाला राइडर्स, पटियाला रोडीज, फ्रेंड्स ऑफ एनवायरमेंट साइकिलिंग ग्रुप, बिरादरी आइडियल्स, टूर डी पटियाला, भारत विकास परिषद, हिमालयन साइकिलिंग ग्रुप सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

समारोह को सफल बनाने के लिए सभी प्रतिभागियों, कोचों, अधिकारियों, स्वयंसेवकों, जिला प्रशासन तथा पुलिस विभाग का भी धन्यवाद किया गया।

जगदीप सिंह
महासचिव

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments