पटियाला, 10 जून: पंजाब रोडवेज ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (पीआरटीसी) के चेयरमैन एडवोकेट हरपाल जुनेजा ने मंगलवार को पीआरटीसी कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्स यूनियन 25/11 के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक के दौरान कर्मचारियों की विभिन्न मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई, जिसके बाद प्रस्तावित हड़ताल को टाल दिया गया।

जानकारी के अनुसार, पनबस और पीआरटीसी कर्मचारियों की यूनियन द्वारा 10 जून को सरकारी बसों का चक्का जाम कर हड़ताल करने की घोषणा की गई थी। इस स्थिति को देखते हुए चेयरमैन हरपाल जुनेजा ने यूनियन प्रतिनिधियों के साथ बातचीत कर उनकी समस्याओं को सुना।
बैठक में यूनियन नेताओं ने संगरूर डिपो से संबंधित जेल में बंद कर्मचारियों की शीघ्र रिहाई तथा लंबे समय से कार्यरत कच्चे कर्मचारियों को नियमित करने की मांग प्रमुखता से उठाई। इस पर चेयरमैन ने आश्वासन दिया कि इन मांगों के समाधान के लिए पीआरटीसी और राज्य सरकार स्तर पर जल्द आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
यूनियन ने मई माह की बकाया 20 प्रतिशत वेतन राशि जारी करने की मांग भी रखी। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए चेयरमैन हरपाल जुनेजा ने पीआरटीसी अधिकारियों को निर्देश दिए, जिसके बाद 10 जून को ही बकाया राशि जारी कर दी गई।
बैठक के बाद यूनियन प्रतिनिधियों ने चेयरमैन द्वारा दिए गए आश्वासनों पर संतोष व्यक्त किया और प्रस्तावित आंदोलन को लेकर सकारात्मक रुख अपनाया।
बैठक में पीआरटीसी की प्रबंध निदेशक मनीषा राणा (आईएएस), अतिरिक्त प्रबंध निदेशक नवदीप कुमार (पीसीएस) सहित निगम के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।






