Wednesday, August 26, 2026
HomePatialaनगर निगम के विशेष शिविर में लोगों को बड़ी राहत: 45 आवासीय...

नगर निगम के विशेष शिविर में लोगों को बड़ी राहत: 45 आवासीय नक्शे और 15 एनओसी फाइलों का मौके पर निपटारा

मेयर कुंदन गोगिया के निर्देशों पर लंबित मामलों के त्वरित समाधान के लिए चलाया गया विशेष अभियान

पटियाला, 26 जून,2026: माननीय मेयर नगर निगम पटियाला कुंदन गोगिया एवं कमिश्नर पूजा स्याल ग्रेवाल के दिशा-निर्देशों के अनुसार आज नगर निगम पटियाला के डॉ. अंबेडकर हॉल में लंबे समय से लंबित पड़ी फाइलों के निपटारे के लिए विशेष सुविधा शिविर आयोजित किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य बिल्डिंग शाखा से संबंधित एनओसी एवं आवासीय नक्शों की फाइलों का तत्काल निपटारा करने के साथ-साथ जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्रों की लंबित फाइलों का समाधान करना था।

बड़ी संख्या में लोगों ने उठाया लाभ

शिविर के दौरान बड़ी संख्या में शहरवासियों ने अपनी लंबित फाइलों के निपटारे के लिए पहुंचकर लाभ उठाया। मौके पर मेयर कुंदन गोगिया, अतिरिक्त कमिश्नर सिमरप्रीत कौर एवं संयुक्त कमिश्नर मनरीत राणा ने शिविर का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को लोगों के कार्य बिना किसी देरी के निपटाने के निर्देश दिए।

45 आवासीय नक्शे और 15 एनओसी फाइलें हुईं स्वीकृत

एमटीपी नीरज भट्टी ने जानकारी देते हुए बताया कि शिविर के दौरान 45 आवासीय नक्शों तथा 15 एनओसी फाइलों का मौके पर निपटारा कर दिया गया। जिन फाइलों में दस्तावेजों की कमी पाई गई, उनके आवेदकों को बिल्डिंग शाखा के अधिकारियों द्वारा आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी विस्तार से दी गई, ताकि दस्तावेज पूरे होने के बाद उनकी फाइलों को भी शीघ्र स्वीकृति प्रदान की जा सके।

जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्रों की लंबित फाइलें खत्म करने के लिए विशेष योजना

जन्म एवं मृत्यु शाखा में आयोजित शिविर के दौरान लंबित प्रमाण पत्रों के निपटारे में आ रही समस्याओं की विस्तार से समीक्षा की गई। लोगों को शीघ्र राहत देने के लिए अधिकारियों ने कार्यालय समय के अतिरिक्त भी अतिरिक्त शिफ्टों में कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने के निर्देश जारी किए। इसके अलावा शाखा की मांग के अनुसार अतिरिक्त स्टाफ तैनात करने का भी निर्णय लिया गया, ताकि लंबित मामलों का निपटारा और तेजी से किया जा सके।

मल्टीपल आईडी से बढ़ेगी कार्य की गति

जन्म एवं मृत्यु शाखा के कार्य को अधिक सुचारु एवं प्रभावी बनाने के लिए कर्मचारियों की मल्टीपल आईडी बनाने के भी निर्देश दिए गए। नगर निगम प्रशासन का मानना है कि इस कदम से प्रमाण पत्रों एवं अन्य सेवाओं से संबंधित कार्यों की गति में उल्लेखनीय वृद्धि होगी तथा लोगों को समय पर सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।

शिविर के दौरान मेयर कुंदन गोगिया, अतिरिक्त कमिश्नर सिमरप्रीत कौर, संयुक्त कमिश्नर मनरीत राणा, एमटीपी नीरज भट्टी सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के विशेष शिविर आयोजित कर लोगों की लंबित समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

फोटो कैप्शन: विशेष शिविर के दौरान विभिन्न विभागों का निरीक्षण करते हुए मेयर कुंदन गोगिया।

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments