पटियाला, 1 जुलाई, 2026 : आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता एवं विधायक अजीतपाल सिंह कोहली ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार की जनहितैषी नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि मान सरकार ने प्रदेश की माताओं और बेटियों का वास्तविक सम्मान किया है। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान महिलाओं से किए गए वादों को सरकार ने पूरी प्रतिबद्धता के साथ निभाया है और महिलाओं के बैंक खातों में मासिक वित्तीय सहायता राशि भेजने की ऐतिहासिक गारंटी को सफलतापूर्वक पूरा कर दिखाया है।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए विधायक कोहली ने कहा कि आम आदमी पार्टी देश की एकमात्र ऐसी राजनीतिक पार्टी है, जो जो कहती है, उसे करके भी दिखाती है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों ने हमेशा महिलाओं को केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया और चुनाव के बाद उनकी जरूरतों को भुला दिया। इसके विपरीत मुख्यमंत्री भगवंत मान की सरकार ने सत्ता संभालते ही महिलाओं के सशक्तिकरण और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए ठोस कदम उठाए हैं।
विधायक कोहली ने कहा कि सरकार के इस फैसले से प्रदेश की महिलाओं में भारी उत्साह और खुशी का माहौल है। इस आर्थिक सहायता से अब माताओं और बेटियों को अपनी छोटी-बड़ी जरूरतों के लिए किसी अन्य पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि जो विपक्षी दल कभी इस गारंटी को असंभव बताते थे, वे आज मान सरकार के कार्यों को देखकर निरुत्तर हो चुके हैं। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में भी पंजाब सरकार प्रदेश के सर्वांगीण विकास और जनता के कल्याण के लिए इसी तरह ऐतिहासिक फैसले लेती रहेगी।
अजीतपाल सिंह कोहली ने जोर देकर कहा कि मान सरकार केवल महिलाओं ही नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए दिन-रात कार्य कर रही है। उन्होंने सरकार की प्रमुख उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि पंजाब के लगभग 90 प्रतिशत घरों का बिजली बिल अब शून्य आ रहा है, जिसका सबसे अधिक लाभ गृहिणियों को मिला है क्योंकि इससे उनके घरेलू बजट का बोझ कम हुआ है। हजारों युवाओं को बिना किसी रिश्वत या सिफारिश के केवल योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरियां दी गई हैं, जिनमें बड़ी संख्या में युवतियां भी शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि आम आदमी क्लीनिक और स्कूल ऑफ एमिनेंस जैसी पहल ने आम परिवारों के बच्चों के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और मुफ्त इलाज सुनिश्चित किया है। विधायक कोहली ने कहा, “आम आदमी पार्टी की सरकार देश की एकमात्र ऐसी सरकार है जिसने पारंपरिक राजनीति से ऊपर उठकर आम लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए काम किया है। माताओं-बेटियों के खातों में राशि भेजने की गारंटी पूरी करना इस बात का प्रमाण है कि हमारी नीयत साफ है।”
इस अवसर पर पटियाला के मेयर कुंदन गोगिया ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार ने माताओं-बेटियों के खातों में राशि भेजने की गारंटी पूरी कर एक ऐतिहासिक मिसाल कायम की है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने हमेशा महिलाओं के सम्मान तथा उनके सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि विधायक अजीतपाल सिंह कोहली के अनुसार आम आदमी पार्टी की सरकार समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पटियाला नगर निगम भी सरकार की इसी सोच के अनुरूप शहर के विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक घर तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य कर रहा है।