Wednesday, August 26, 2026
HomeHaryanaहरियाणा में डेंगू के खिलाफ बड़ा अभियान: जुलाई बनेगा 'डेंगू रोकथाम माह',...

हरियाणा में डेंगू के खिलाफ बड़ा अभियान: जुलाई बनेगा ‘डेंगू रोकथाम माह’, सभी जिला अस्पतालों में मुफ्त प्लेटलेट्स सुविधा

चंडीगढ़, 1 जुलाई ,2026

हरियाणा में मानसून के आगमन के साथ ही स्वास्थ्य विभाग ने डेंगू की रोकथाम के लिए व्यापक अभियान शुरू कर दिया है। प्रदेश की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने प्रदेशवासियों से सतर्क रहने और डेंगू से बचाव के लिए सामूहिक प्रयास करने की अपील करते हुए जुलाई माह को ‘डेंगू रोकथाम माह’ के रूप में मनाने का आह्वान किया है। उन्होंने “आओ मिलकर डेंगू रोकें” का संदेश देते हुए लोगों से अपने घरों और आसपास कहीं भी पानी जमा न होने देने की अपील की।

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि डेंगू एडीज मच्छर के काटने से फैलता है, जो मुख्य रूप से दिन के समय सक्रिय रहता है और साफ, ठहरे हुए पानी में पनपता है। उन्होंने कहा कि “जहां पानी ठहरेगा, वहीं मच्छर पनपेंगे”, इसलिए प्रत्येक नागरिक को अपने स्तर पर सावधानी बरतनी होगी।

उन्होंने लोगों से हर रविवार को घरों तथा शुक्रवार को कार्यालयों में ‘ड्राई डे’ मनाने की अपील की। इस दौरान कूलर, पानी की टंकियां, गमलों की ट्रे, फ्रिज के पीछे की ट्रे तथा अन्य जल पात्रों को खाली कर कम से कम 24 घंटे तक सुखाने की सलाह दी गई है, ताकि मच्छरों के अंडे और लार्वा पूरी तरह नष्ट हो सकें।

आरती सिंह राव ने कहा कि छतों पर रखी पानी की टंकियों को हमेशा ढककर रखें और बरसात के मौसम से पहले पुराने टायर, प्लास्टिक का कबाड़, नारियल के खोल और अन्य अनुपयोगी वस्तुओं को हटा दें। उन्होंने लोगों को पूरे बाजू के कपड़े पहनने, मच्छर रोधी क्रीम लगाने और कीटनाशक उपचारित मच्छरदानी का उपयोग करने की भी सलाह दी।

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि हरियाणा सरकार ने प्रदेश के सभी जिला सिविल अस्पतालों में प्लेटलेट्स की सुविधा पूरी तरह निशुल्क उपलब्ध कराई है। इसके अलावा प्रदेश के जिला अस्पतालों में 27 सरकारी डेंगू जांच प्रयोगशालाएं संचालित हैं, जहां डेंगू की जांच मुफ्त की जा रही है। उन्होंने बताया कि निजी लैबों को एलिसा आधारित एनएस-1 और आईजीएम डेंगू जांच अधिकतम 600 रुपये में करने के निर्देश दिए गए हैं। नागरिक इन सुविधाओं का लाभ लेने के लिए अपने जिले के मुख्य चिकित्सा अधिकारी या जिला मलेरिया अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं।

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि डेंगू के प्रमुख लक्षणों में अचानक तेज बुखार, तेज सिरदर्द, मांसपेशियों और जोड़ों में दर्द तथा आंखों के पीछे दर्द शामिल हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसे किसी भी लक्षण के दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में जाकर नि:शुल्क जांच कराएं और बिना डॉक्टर की सलाह के कोई भी दवा न लें।

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments