हर परियोजना को समयबद्ध एवं निर्धारित गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश
पटियाला, 1 जुलाई, 2026: पटियाला शहर के विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मेयर कुंदन गोगिया ने घलोड़ी गेट मेन रोड, बिशन नगर, फोकल प्वाइंट और तेज बाग कॉलोनी का दौरा कर मौके पर विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सड़कों, जल निकासी व्यवस्था, निर्माण सामग्री तथा अन्य विकास कार्यों की गुणवत्ता का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा करने के निर्देश दिए।
मेयर कुंदन गोगिया ने कहा कि शहर के विकास पर खर्च होने वाला प्रत्येक रुपया जनता की मेहनत की कमाई है, जिसका सही उपयोग करना नगर निगम की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जनता के पैसे का हर एक रुपया ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ विकास कार्यों पर खर्च किया जाए, यही हमारी प्रतिबद्धता है। विकास कार्यों की गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों और ठेकेदारों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक परियोजना को निर्धारित समय सीमा के भीतर तथा उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। यदि किसी भी कार्य में लापरवाही या निर्धारित मानकों की अनदेखी सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
मेयर ने कहा कि शहर के प्रत्येक वार्ड में बुनियादी सुविधाओं को और अधिक मजबूत बनाने के लिए नगर निगम लगातार कार्य कर रहा है। सड़कों, सीवरेज, ड्रेनेज तथा अन्य विकास परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है ताकि शहरवासियों को बेहतर और सुविधाजनक नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
फोटो कैप्शन: निरीक्षण के दौरान जानकारी देते हुए मेयर कुंदन गोगिया तथा उनके साथ मौजूद अन्य अधिकारी।






