अफवाहों पर पूर्व मुख्यमंत्री ने लगाया विराम, हाईकमान के समक्ष रखने की बात कही
चंडीगढ़, 4 जुलाई, 2026 : पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने कांग्रेस छोड़ने और नई राजनीतिक पार्टी बनाने की अटकलों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि वह न तो कांग्रेस पार्टी छोड़ेंगे, न ही कोई नई पार्टी बनाएंगे और न ही किसी अन्य राजनीतिक दल में शामिल होंगे।
हाल ही में मोरिंडा स्थित अपने आवास पर आयोजित कांग्रेस नेताओं की बैठक के बाद राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा तेज हो गई थी कि चन्नी पार्टी से अलग होकर नया राजनीतिक विकल्प तैयार कर सकते हैं। बैठक में पार्टी के कई सांसद, विधायक और लगभग 70 विधानसभा क्षेत्र प्रभारी शामिल हुए थे।
इन अटकलों पर विराम लगाते हुए चन्नी ने कहा कि बैठक का उद्देश्य संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा करना था। उन्होंने बताया कि सभी नेताओं ने अपने विचार पार्टी हाईकमान के समक्ष रखने की सलाह दी है और पार्टी के भीतर रहकर ही संगठन को मजबूत किया जाएगा।
गौरतलब है कि हाल ही में कांग्रेस हाईकमान ने चरणजीत सिंह चन्नी को चुनाव प्रचार समिति (कैंपेन कमेटी) का अध्यक्ष नियुक्त किया था। इसके बाद उनकी ओर से सार्वजनिक रूप से कोई धन्यवाद संदेश जारी नहीं किए जाने से राजनीतिक चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया था। हालांकि अब चन्नी के इस स्पष्ट बयान के बाद इन अटकलों पर फिलहाल विराम लग गया है।