चंडीगढ़, 5 जुलाई, 2026 : उत्तराखंड के श्रद्धालुओं, विशेषकर तराई क्षेत्र में रहने वाले सिख एवं पंजाबी समुदाय को बड़ी सौगात देते हुए केंद्र सरकार ने टनकपुर को महाराष्ट्र स्थित तख्त श्री हजूर साहिब नांदेड़ से जोड़ने वाली सीधी साप्ताहिक रेल सेवा शुरू करने का फैसला किया है।
केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने सोशल मीडिया के माध्यम से इसकी जानकारी देते हुए कहा कि इस नई रेल सेवा से सिख संगत की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हो गई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और रेल मंत्रालय के प्रयासों से उत्तराखंड के तराई क्षेत्र के श्रद्धालुओं को ऐतिहासिक सुविधा मिलने जा रही है।
बिट्टू ने बताया कि नांदेड़–टनकपुर साप्ताहिक एक्सप्रेस का शुभारंभ 6 जुलाई को हरी झंडी दिखाकर किया जाएगा। यह ट्रेन टनकपुर से तख्त श्री हजूर साहिब नांदेड़ तक सीधी रेल संपर्क सुविधा उपलब्ध कराएगी, जिससे श्रद्धालुओं की यात्रा पहले की तुलना में अधिक आसान, सुविधाजनक और समय की बचत करने वाली होगी।
उन्होंने कहा कि यह रेल सेवा धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ उत्तराखंड, पंजाब और महाराष्ट्र के बीच संपर्क को भी मजबूत करेगी। श्रद्धालुओं ने सरकार के इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे धार्मिक आस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण कदम बताया है।






