बटरफ्लाई एवं हर्बल पार्क का दौरा कर पौधारोपण किया, ‘मेरा पटियाला मैं ही संवारां’ टीम के प्रयासों की सराहना
कहा, बड़ी नदी और छोटी नदी के किनारे विकसित किए जाएंगे जैव विविधता एवं पर्यावरण पार्क
पटियाला, 5 जुलाई,2026: पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि स्वच्छ, हरित एवं पर्यावरण अनुकूल पटियाला का निर्माण जनसहयोग से ही संभव है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार शहरों में स्वच्छता, हरियाली और पर्यावरण संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है तथा इस अभियान में सामाजिक संस्थाओं और आम नागरिकों की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है।
डॉ. बलबीर सिंह आज यहां पर्यावरण पार्क स्थित बटरफ्लाई एवं हर्बल पार्क के दौरे के दौरान उपस्थित स्वयंसेवकों को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा पार्क के विकास एवं रखरखाव में जुटी ‘मेरा पटियाला मैं ही संवारां’ टीम के समर्पित प्रयासों की भरपूर सराहना की।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि जहां सरकारी अधिकारी अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हैं, वहीं ‘मेरा पटियाला मैं ही संवारां’ से जुड़े वॉरियर्स पूरी निस्वार्थ भावना और जुनून के साथ शहर की सेवा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह टीम इस बात का उत्कृष्ट उदाहरण है कि जब नागरिक सरकार के साथ मिलकर कार्य करते हैं तो शहरों की तस्वीर बदली जा सकती है। उन्होंने अन्य सामाजिक संस्थाओं और गैर-सरकारी संगठनों से भी ऐसे अभियानों से जुड़ने का आह्वान किया।
डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा ‘क्लीन पंजाब प्रोजेक्ट’ के तहत स्वच्छता, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण तथा हरित क्षेत्र बढ़ाने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि छोटी नदी की सफाई का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि बड़ी नदी की सफाई का कार्य तेजी से जारी है। उन्होंने कहा कि दौलतपुर से डकाला रोड तक बड़ी नदी के किनारे लगभग पांच किलोमीटर लंबा जैव विविधता पार्क विकसित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त छोटी नदी के दोनों किनारों पर दो पर्यावरण पार्क बनाए जाएंगे, जबकि सरहिंद रोड बाईपास पर भी इसी प्रकार का एक और पर्यावरण पार्क विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस हरित पट्टी को नाभा रोड तक विस्तारित करने की भी योजना है।
स्वास्थ्य मंत्री ने नगर निगम की अतिरिक्त आयुक्त सिमरप्रीत कौर तथा वन मंडल अधिकारी सतिंदर सिंह को निर्देश दिए कि पर्यावरण पार्क तथा शहर के अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर किसी भी प्रकार के फ्लेक्स बोर्ड अथवा ऐसी सामग्री लगाने की अनुमति न दी जाए, जिससे पार्कों की सुंदरता प्रभावित होती हो।
स्वास्थ्य मंत्री ने विद्यार्थियों एवं युवाओं से पर्यावरण संरक्षण अभियान का सक्रिय हिस्सा बनने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक युवा कम-से-कम एक पौधा अवश्य लगाए तथा उसके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाए। साथ ही स्वच्छता एवं वैज्ञानिक ढंग से कचरा प्रबंधन के प्रति लोगों को जागरूक करने में भी अपनी भूमिका निभाए।
इस अवसर पर ‘मेरा पटियाला मैं ही संवारां’ के सदस्य एच.एस. लांबा ने स्वास्थ्य मंत्री का स्वागत करते हुए बताया कि उनकी टीम लोगों को घरों तथा सार्वजनिक स्थानों पर कचरे का पृथक्करण तथा वैज्ञानिक तरीके से कचरे के निपटान के प्रति जागरूक कर रही है। उन्होंने बताया कि बटरफ्लाई एवं हर्बल पार्क में चार रंगों वाले डस्टबिन स्थापित किए गए हैं तथा लोगों को गीले, सूखे एवं अन्य प्रकार के कचरे को अलग-अलग रखने एवं उसके उचित निपटान संबंधी जानकारी भी दी जा रही है।
इस अवसर पर नगर निगम की अतिरिक्त आयुक्त सिमरप्रीत कौर, कर्नल जे.वी. सिंह, कर्नल करमिंदर सिंह, कैप्टन सुखजीत कौर, सी.एम. कौरड़ा, प्रो. अशोक वर्मा, प्रो. आर.के. गोयल, एन.आई.एस. एवं साई पटियाला के फिट इंडिया वॉलंटियर्स, गुरप्रीत फूलका, राणा फूलका, राजबीर ग्रेवाल, अमन ग्रेवाल, राकेश कड़, गुरप्रीत दुल्लत, सिमरन हरिका, एस.सी. मक्कड़, आशु कथूरिया, रितु जैन, अर्चना, ज्ञान, जसविंदर सिंह, मनमोहन शर्मा, के.एस. सेखों, अभिषेक जैन, वरुण मल्होत्रा तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं वॉरियर्स बड़ी संख्या में उपस्थित थे।






