Wednesday, August 26, 2026
HomePunjabकैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने प्रॉपर्टी डीलर एसोसिएशन का आंतरिक विवाद आपसी...

कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने प्रॉपर्टी डीलर एसोसिएशन का आंतरिक विवाद आपसी सहमति से सुलझाया

रिंकू और राजू बारी-बारी संभालेंगे अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी

सुनाम, 06 जुलाई, 2026: प्रॉपर्टी डीलर एसोसिएशन, सुनाम में पिछले कुछ समय से चल रहे आपसी मतभेद और अध्यक्ष पद को लेकर जारी विवाद का आज सभी पक्षों की मौजूदगी में बेहद सौहार्दपूर्ण माहौल में कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने समाधान करा दिया। एसोसिएशन के दोनों गुटों ने एकजुट होकर आपसी भाईचारे और संगठन की एकता बनाए रखने का फैसला किया।

इस अवसर पर बातचीत करते हुए कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने कहा कि व्यापारिक, सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं में राजनीति या चुनावों के कारण किसी प्रकार की गुटबाजी नहीं होनी चाहिए। कुछ गलतफहमियों के कारण दो अध्यक्ष बनने की स्थिति पैदा हो गई थी, लेकिन दोनों पक्ष (रिंकू और राजू) अपने साथियों सहित उनके पास एक साथ पहुंचे और पूरी एसोसिएशन को एक परिवार की तरह एकजुट रखने पर सहमति बनी।

एसोसिएशन के बेहतर संचालन और कार्यों को सुचारु रूप से चलाने के लिए अगले दो वर्षों के लिए अध्यक्ष पद का बंटवारा किया गया है। इसके तहत पहले वर्ष 1 जुलाई 2026 से 30 जून 2027 तक श्री रिंकू एसोसिएशन के अध्यक्ष के रूप में अपनी सेवाएं देंगे। इसके बाद 1 जुलाई 2027 से 30 जून 2028 तक अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी श्री राजू संभालेंगे।

इन दो वर्षों का कार्यकाल पूरा होने के बाद पूरी एसोसिएशन (हाउस) के सभी सदस्य आपसी सहमति से आगे का निर्णय लेंगे।

अमन अरोड़ा ने कहा, पिछली सरकारों की तरह घर बैठकर तानाशाही चलाने के बजाय हमारी हमेशा यही कोशिश रही है कि हर संस्था के आपसी मतभेदों को बिना किसी झगड़े या चुनाव के, सभी पक्षों को साथ बैठाकर सुलझाया जाए। यदि सभी एकजुट होकर काम करेंगे, तभी व्यापारियों के कामों में बरकत आएगी।”

इस निर्णय के बाद दोनों गुटों के समर्थकों ने एक-दूसरे को फूलमालाएं पहनाकर और लड्डू खिलाकर खुशी का इजहार किया तथा एसोसिएशन की बेहतरी के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लिया।

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments