बी.एल.ओज के साथ किसी भी प्रकार का दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा: जिला निर्वाचन अधिकारी
मुख्य निर्वाचन अधिकारी, पंजाब के निर्देशानुसार बी.एल.ओज की सुरक्षा सुनिश्चित की गई
पटियाला, 10 जुलाई,2026 : पटियाला के डिप्टी कमिश्नर-सह-जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने बताया कि मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एस.आई.आर.) के कार्य में लगे एक बूथ लेवल अधिकारी (बी.एल.ओ) के साथ पटियाला के आनंद नगर-बी में गत दिनों दुर्व्यवहार करने वाले व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि इस मामले का मुख्य निर्वाचन अधिकारी, पंजाब द्वारा गंभीर संज्ञान लिया गया था तथा उन्होंने निर्देश जारी किए थे कि बी.एल.ओज के साथ किसी भी प्रकार का दुर्व्यवहार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि उक्त व्यक्ति ने बूथ संख्या 113 के बूथ लेवल अधिकारी पर उस समय हमला किया, जब बी.एल.ओ. ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एस.आई.आर.) प्रक्रिया के संबंध में उससे आवश्यक विवरण मांगा। इस घटना के बाद थाना त्रिपड़ी में भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धाराओं 115(2), 351(3), 221 तथा 132 के तहत आरोपी के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की गई थी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी, पंजाब श्रीमती अनिंदिता मित्रा के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण (एस.आई.आर.) के दौरान बी.एल.ओज की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने पटियाला जिले के सभी मतदाताओं से भी अपील की कि वे बी.एल.ओज को पूरा सहयोग दें तथा यह सुनिश्चित करें कि भविष्य में इस प्रकार की कोई अप्रिय घटना न हो।






