कहा, जिन नागरिकों ने अभी तक गणना प्रपत्र जमा नहीं करवाए हैं, वे विशेष शिविरों का लाभ उठाएं
मतदाताओं की सहायता के लिए सभी निर्धारित मतदान केंद्रों पर बीएलओ रहे मौजूद
पटियाला, 11 जुलाई, 2026 : पंजाब के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के निर्देशों के अनुसार चलाए जा रहे स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एस.आई.आर.) अभियान के तहत आज पटियाला जिले के सभी 1786 मतदान केंद्रों पर दो दिवसीय विशेष शिविरों की शुरुआत हुई। इन शिविरों का उद्देश्य पात्र मतदाताओं के गणना प्रपत्र भरने और जमा करवाने की प्रक्रिया को सुचारु एवं सुविधाजनक बनाना है।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी-सह-अतिरिक्त उपायुक्त (जनरल) अनुप्रिता जौहल तथा अतिरिक्त उपायुक्त (शहरी विकास) नवरीत कौर सेखों ने विभिन्न मतदान केंद्रों पर लगाए गए विशेष शिविरों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा वहां मौजूद बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से बातचीत करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

उन्होंने कहा कि जिला निर्वाचन अधिकारी-सह-उपायुक्त डॉ. हिमांशु अग्रवाल के नेतृत्व में जिले के सभी बीएलओ पूरी निष्ठा के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं तथा मतदाताओं को गणना प्रपत्र भरने एवं जमा करवाने में हर संभव सहायता प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि रविवार को भी विशेष शिविरों के दौरान जिले के सभी निर्धारित मतदान केंद्रों पर बीएलओ उपस्थित रहेंगे, ताकि मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने जिले के सभी नागरिकों से अपील की कि जो मतदाता किसी कारणवश अभी तक अपने गणना प्रपत्र न तो भर सके हैं और न ही जमा करवा सके हैं, वे 12 जुलाई (रविवार) को सुबह 8:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक आयोजित होने वाले विशेष शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि मतदाता अपने निकटतम मतदान केंद्र पर जाकर गणना प्रपत्र भर सकते हैं तथा वहीं जमा भी करवा सकते हैं।
एडीसी ने यह भी कहा कि यदि किसी मतदाता ने अभी तक अपना गणना प्रपत्र नहीं भरा है, तो वह तुरंत अपने संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) से संपर्क करे अथवा विशेष शिविर के दौरान अपने निकटतम मतदान केंद्र पर पहुंचकर यह प्रक्रिया समय रहते पूरी करे, ताकि स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन अभियान को सफल बनाया जा सके।इस मौके पर चुनाव तहसीलदार विजय कुमार चौधरी और अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।






