विपक्षी दलों को पंजाब का विकास रास नहीं आ रहा : मंत्री बरिंदर कुमार गोयल
लहरागागा/मूनक, 11 जुलाई, 2026 : पंजाब सरकार द्वारा विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के गांवों और शहरों में आयोजित किए जा रहे ‘लोक मिलनी‘ कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जनता और सरकार के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है। यह बात पंजाब के कैबिनेट मंत्री एडवोकेट बरिंदर कुमार गोयल ने विधानसभा क्षेत्र के गांव शाहपुर थेड़ी, चांदू, मंडवी, भुंदड़ भैणी, सलेमगढ़, हमीरगढ़, सुरजन भैणी तथा मूनक के वार्ड नंबर 7 और 8 में आयोजित कार्यक्रमों को संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि ‘लोक मिलनी‘ कार्यक्रम के तहत मौके पर ही लोगों की समस्याएं सुनकर संबंधित विभागों को उनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए जाते हैं।
इस अवसर पर मंत्री गोयल ने पंजाब सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि प्रत्येक परिवार को हर महीने 300 यूनिट मुफ्त बिजली उपलब्ध कराना, 65 हजार से अधिक बेरोजगार युवाओं को सरकारी नौकरियां देना, राज्य के प्रत्येक खेत तक नहरी पानी पहुंचाना तथा महिलाओं के खातों में प्रति माह 1,000 और 1,500 रुपये की आर्थिक सहायता देना पंजाब सरकार के ऐतिहासिक कार्य हैं।
उन्होंने कहा कि इसके अलावा स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में किए गए क्रांतिकारी बदलाव आज केवल भारत ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया में चर्चा का विषय बने हुए हैं।
मंत्री गोयल ने अकाली दल, भाजपा और कांग्रेस को सांप्रदायिक राजनीति करने वाली पार्टियां बताते हुए कहा कि जो दल अपने आंतरिक विवाद ही नहीं सुलझा सकते, वे पंजाब का भला कैसे कर सकते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दलों को पंजाब का विकास पसंद नहीं आ रहा है।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री गोयल ने विभिन्न गांवों के लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान का भरोसा दिलाया। उन्होंने लोगों से पंजाब सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि यदि किसी भी व्यक्ति को कोई समस्या आती है तो गोयल परिवार के दरवाजे 24 घंटे खुले हैं और कोई भी व्यक्ति कभी भी उनसे संपर्क कर सकता है।
इस दौरान विभिन्न गांवों में लोगों ने मंत्री बरिंदर कुमार गोयल का गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आम आदमी पार्टी के नेता, कार्यकर्ता और स्वयंसेवक भी उपस्थित रहे।