विदेश में बैठे नेटवर्क से मिल रहे थे निर्देश, कई संगीन मामलों में थे वांछित; गैंग के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क पर भी बढ़ी जांच
दिल्ली, 12 जुलाई, 2026 : राजधानी दिल्ली में संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली पुलिस की रोहिणी जिला स्पेशल स्टाफ ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े तीन शूटरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी एक टारगेट किलिंग की साजिश रच रहे थे और उन्हें विदेश में सक्रिय नेटवर्क के जरिए सूचनाएं व निर्देश मिल रहे थे।
दिल्ली पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी दिल्ली में कई आपराधिक मामलों में वांछित थे और इससे पहले भी टारगेटेड फायरिंग की घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। पुलिस फिलहाल उनसे पूछताछ कर उनके नेटवर्क और संभावित सहयोगियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब हाल ही में हरियाणा के बहादुरगढ़ में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और हरियाणा स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने संयुक्त अभियान चलाकर लॉरेंस बिश्नोई-हैरी बॉक्सर गैंग के दो कथित शूटरों को मुठभेड़ में मार गिराया था। मारे गए आरोपियों की पहचान हिसार निवासी प्रवेश और हिमांशु के रूप में हुई थी। दोनों पर हांसी में 11 जून को जिम ट्रेनर कपिल की हत्या का आरोप था और उन पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित था।
अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क पर बढ़ी निगरानी
हाल के दिनों में लॉरेंस बिश्नोई के संगठित अपराध नेटवर्क और उसके कथित अंतरराष्ट्रीय संबंधों को लेकर जांच एजेंसियों की सक्रियता बढ़ी है।
इसी क्रम में अमेरिका की फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (एफबीआई) ने हाल ही में सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ की गिरफ्तारी में मददगार सूचना देने वाले के लिए 50,000 अमेरिकी डॉलर तक के इनाम की घोषणा की है। एफबीआई का आरोप है कि गोल्डी बराड़ उत्तरी अमेरिका में लॉरेंस बिश्नोई संगठित अपराध समूह का नेतृत्व करता है और यह गिरोह अमेरिका तथा कनाडा में हिंसक अपराध, उगाही और अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है।
एफबीआई के अनुसार, गोल्डी बराड़ के खिलाफ 1 जुलाई 2026 को अमेरिका के कैलिफोर्निया स्थित सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट कोर्ट, लॉस एंजिलिस में गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया। उस पर रैकेटियरिंग साजिश, उगाही से जुड़े अपराधों की साजिश तथा मादक पदार्थों की तस्करी से संबंधित गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
अमेरिका में भी दर्ज हुआ मामला
हाल ही में अमेरिकी संघीय अभियोजकों ने लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ समेत कई आरोपियों के खिलाफ संगठित अपराध, उगाही, अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ तस्करी और वर्ष 2023 में कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत के सरे शहर में खालिस्तानी अलगाववादी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या से जुड़े कथित षड्यंत्र के आरोपों में अभियोग दायर किया है।
अमेरिकी न्याय विभाग ने यह कार्रवाई “ऑपरेशन हार्ड बॉल” के तहत की है, जिसका उद्देश्य भारत से जुड़े संगठित अपराध नेटवर्क पर शिकंजा कसना है। हालांकि अमेरिकी अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अभियोग केवल आरोप हैं और सभी आरोपियों को अदालत में दोष सिद्ध होने तक निर्दोष माना जाएगा।






