‘चेतना प्रोजेक्ट’ के तहत सरकारी सिविल लाइंस स्मार्ट स्कूल के विद्यार्थियों ने किया जिला प्रशासनिक कार्यालयों का दौरा
समाज और देश-दुनिया की घटनाओं की जानकारी के लिए नियमित रूप से समाचार पत्र पढ़ें विद्यार्थी : उपायुक्त
पटियाला, 16 जुलाई, 2026। पटियाला के उपायुक्त डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे अपने जीवन के किसी भी लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर ज्ञान अर्जित करें तथा हार या असफलता के डर को मन से निकालकर लगातार मेहनत करते रहें।
डॉ. अग्रवाल जिला प्रशासन की अनूठी पहल ‘चेतना प्रोजेक्ट’ के तहत सरकारी कार्यालयों का भ्रमण करने पहुंचे सरकारी सिविल लाइंस स्मार्ट स्कूल की 11वीं कक्षा के विद्यार्थियों से संवाद कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि जीतने के लिए तो हर व्यक्ति मेहनत करता है, लेकिन हार को स्वीकार करने और उससे सीख लेने की क्षमता भी प्रत्येक व्यक्ति में होनी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि किसी भी असफलता से घबराकर मेहनत करना कभी नहीं छोड़ना चाहिए। भले ही तय मंजिल न मिले, लेकिन निरंतर प्रयास करने वाला व्यक्ति एक अच्छा इंसान अवश्य बनता है।
विद्यार्थियों द्वारा प्रतियोगी परीक्षाओं और जीवन में सफलता प्राप्त करने से जुड़े प्रश्नों के उत्तर देते हुए उपायुक्त ने कहा कि वे अपने माता-पिता और शिक्षकों को अपना आदर्श (रोल मॉडल) बनाएं तथा सही और गलत की पहचान करना सीखें।
उन्होंने विद्यार्थियों को सोशल मीडिया पर कम समय बिताने, अपने कार्य के प्रति ईमानदार रहने और पूरी लगन से मेहनत करने की प्रेरणा दी। डॉ. अग्रवाल ने कहा कि विद्यार्थियों को अपने आसपास, समाज, देश और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर घटित होने वाली घटनाओं तथा उनके कारणों को समझने के लिए प्रतिदिन समाचार पत्र पढ़ने की आदत विकसित करनी चाहिए।
उपायुक्त ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार ने ‘शिक्षा क्रांति’ के तहत सरकारी स्कूलों में व्यापक सुधार किए हैं। इसी कड़ी में पटियाला जिला प्रशासन ने ‘चेतना प्रोजेक्ट’ शुरू किया है, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों को व्यवहारिक शिक्षा, प्रशासनिक व्यवस्था की जानकारी और बेहतर करियर मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है।
उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालयों का यह शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों को प्रशासनिक कार्यप्रणाली, सरकारी तंत्र तथा विभिन्न विभागों के कामकाज को निकट से समझने का अवसर प्रदान करेगा।
इस दौरान विद्यार्थियों ने उपायुक्त कार्यालय, डीसी कोर्ट, जिला रोजगार कार्यालय, फर्द केंद्र, सेवा केंद्र, सांझ केंद्र, पुलिस थाना तथा अन्य सरकारी कार्यालयों का दौरा कर प्रशासनिक व्यवस्था और सरकारी कार्यप्रणाली की जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर डिप्टी डीईओ रविंदरपाल सिंह, स्कूल की प्राचार्य सीमा उपल, जिला रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव डॉ. प्रीतपाल सिंह, जिला रोजगार एवं कारोबार ब्यूरो के डिप्टी सीईओ सतिंदर सिंह, करियर काउंसलर रूपसी पाहूजा, नोडल अधिकारी जगमीत सिंह तथा स्कूल के शिक्षक भी उपस्थित रहे।