धूरी विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव में दिखाई जाएगी श्री गुरु रविदास जी महाराज के जीवन एवं शिक्षाओं पर आधारित डॉक्यूमेंट्री: चेयरमैन राजवंत सिंह घुल्ली
धूरी, 20 जुलाई, 2026 : मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार द्वारा श्री गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित राज्य स्तरीय जागरूकता अभियान के तहत धूरी विधानसभा क्षेत्र के 30 गांवों में श्री गुरु रविदास जी महाराज के जीवन, दर्शन एवं महान शिक्षाओं पर आधारित डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन किया जा चुका है। इस डॉक्यूमेंट्री के माध्यम से ग्रामीणों को श्री गुरु रविदास जी के समानता, भाईचारे, मानवता, सामाजिक न्याय और सर्व-सांझीवालता के संदेश से अवगत कराया गया।
इस अवसर पर मार्केट कमेटी धूरी के चेयरमैन राजवंत सिंह घुल्ली ने कहा कि श्री गुरु रविदास जी की शिक्षाएं आज भी समाज को सही दिशा प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि गुरु जी द्वारा दिया गया समानता, परिश्रम, सत्य, मानवता और आपसी भाईचारे का संदेश प्रत्येक वर्ग के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार के इस विशेष प्रयास का उद्देश्य युवा पीढ़ी को महान संतों एवं गुरुओं की शिक्षाओं से जोड़ना तथा समाज में समानता, सद्भाव और सामाजिक न्याय की भावना को और अधिक मजबूत करना है।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा राज्य के हजारों गांवों में मोबाइल वैनों के माध्यम से इस डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन किया जा रहा है, ताकि श्री गुरु रविदास जी महाराज के जीवन एवं उपदेशों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जा सके। उन्होंने बताया कि धूरी विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव में यह डॉक्यूमेंट्री दिखाई जाएगी। डॉक्यूमेंट्री देखने के उपरांत ग्रामीणों ने पंजाब सरकार के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे युवा पीढ़ी के लिए अत्यंत प्रेरणादायक एवं लाभकारी बताया।
इस अवसर पर विभिन्न गांवों के पंचायती प्रतिनिधि, समाजसेवी, गणमान्य व्यक्ति तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।






