चंडीगढ़, 21 जुलाई2026: हरियाणा के नागरिक उड्डयन मंत्री एवं हरियाणा एयरपोर्ट्स डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (एचएडीसी) के चेयरमैन विपुल गोयल की अध्यक्षता में चंडीगढ़ में हरियाणा एयरपोर्ट्स डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड के निदेशक मंडल की 8वीं बैठक आयोजित की गई। बैठक में नागरिक उड्डयन अवसंरचना के विकास, एयर एम्बुलेंस सेवाओं के विस्तार, वित्तीय प्रबंधन तथा प्रशासनिक प्रक्रियाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने से जुड़े विभिन्न एजेंडा बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई और कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी प्रदान की गई।
बैठक में प्रदेश में हेली एम्बुलेंस सेवाओं के विस्तार पर विशेष रूप से विचार-विमर्श किया गया। इसके तहत स्वास्थ्य विभाग एवं विभिन्न अस्पतालों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए फरीदाबाद, करनाल, सोनीपत, गुरुग्राम और रोहतक स्थित मेडिकल कॉलेजों के निकट बने हेलीपैडों के उन्नयन (अपग्रेडेशन) की योजनाओं की समीक्षा की गई। इन सेवाओं का उद्देश्य चिकित्सा आपातकालीन सुविधाओं के साथ-साथ पर्यटन और सार्वजनिक परिवहन को भी बेहतर बनाना है।
बैठक के दौरान मंत्री विपुल गोयल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश में चल रही सभी उड्डयन परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन से प्रदेश में व्यापार, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे तथा हरियाणा के नागरिक उड्डयन क्षेत्र को नई गति मिलेगी।






