मेयर कुंदन गोगिया के नेतृत्व में बिल्डिंग, जलापूर्ति और सीवरेज से जुड़ी समस्याओं का मौके पर होगा समाधान
पटियाला, 22 जुलाई, 2026 : शहरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने और लंबे समय से लंबित समस्याओं का त्वरित समाधान करने के उद्देश्य से पटियाला नगर निगम द्वारा मेयर कुंदन गोगिया के नेतृत्व में इस शुक्रवार नगर निगम कार्यालय में एक विशेष जन-सुविधा शिविर आयोजित किया जाएगा। इस शिविर में नगर निगम की बिल्डिंग शाखा तथा जलापूर्ति एवं सीवरेज विभाग के अधिकारी मौके पर उपस्थित रहेंगे और लोगों की शिकायतों एवं आवेदनों का शीघ्र निपटारा करने का हर संभव प्रयास करेंगे।
मेयर कुंदन गोगिया ने कहा कि नगर निगम का मुख्य उद्देश्य लोगों को सरकारी दफ्तरों के बार-बार चक्कर लगाने से राहत देना और उन्हें एक ही स्थान पर बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि बिल्डिंग से संबंधित नक्शे, एनओसी, स्वीकृतियां और अन्य तकनीकी मामलों के साथ-साथ जलापूर्ति, सीवरेज जाम, नए कनेक्शन, बिलों तथा अन्य समस्याओं को मौके पर सुनकर उनका समाधान किया जाएगा।
मेयर ने बताया कि नगर निगम की कोशिश है कि लोगों को पारदर्शी, तेज और जवाबदेह प्रशासन उपलब्ध कराया जाए। इसके लिए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुना जाए और जहां संभव हो, उसी समय उसका समाधान किया जाए। जिन मामलों का तत्काल निपटारा संभव नहीं होगा, उनके लिए निर्धारित समय-सीमा तय कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि जिन लोगों को बिल्डिंग शाखा, जलापूर्ति या सीवरेज से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या है, वे इस विशेष शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज कराएं, ताकि उसका शीघ्र और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
मेयर कुंदन गोगिया ने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के जन-सुविधा शिविर लगातार आयोजित किए जाएंगे, ताकि नगर निगम और आम जनता के बीच सीधा संवाद बना रहे तथा प्रत्येक नागरिक को समय पर और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं मिल सकें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ऐसी पहल से नगर निगम के प्रति लोगों का भरोसा और मजबूत होगा तथा शहर के विकास को नई गति मिलेगी।






