फतेहगढ़ साहिब, 24 जुलाई,2026 ( दीपक दत्ता): युवाओं में लोकतंत्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने और मतदाता जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन-2026 अभियान के तहत मेरा युवा भारत की ओर से कोर्डिया ग्रुप ऑफ एजुकेशनल इंस्टीट्यूट्स, संघोल में पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सोना थिंद ने बताया कि प्रतियोगिता में छात्रों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने अपने रचनात्मक पोस्टरों के माध्यम से मतदान के अधिकार, लोकतंत्र की मजबूती और मतदाता जागरूकता से जुड़े प्रभावशाली संदेश प्रस्तुत किए।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपने मताधिकार के महत्व को समझना चाहिए और अपने परिवार, दोस्तों व समाज के अन्य लोगों को भी मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाने, आवश्यक संशोधन करवाने और चुनाव प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान बीएड कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. ज्योति शर्मा ने कहा कि इस तरह की गतिविधियां युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने के साथ-साथ समाज में मतदान के प्रति जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
जिला युवा अधिकारी कार्तिक सिंगला ने प्रतियोगिता के विजेताओं को प्रमाण पत्र और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों की रचनात्मकता और उत्साह की सराहना की। इसके साथ ही सभी प्रतिभागियों का माई भारत पोर्टल पर पंजीकरण भी करवाया गया।
इस अवसर पर कोर्डिया ग्रुप ऑफ एजुकेशनल इंस्टीट्यूट्स संघोल के एडवाइजर डॉ. देव नंदन प्रसाद, एनएसएस नोडल अधिकारी डॉ. हरजिंदर सिंह, जितेंद्र कुमार (अकाउंटेंट) सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।






