फतेहगढ़ साहिब, 24 जुलाई (छत्रपाल सिंह): भारत निर्वाचन आयोग और पंजाब के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के दिशा-निर्देशों के तहत उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सोना थिंद की अगुवाई में फतेहगढ़ साहिब जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का कार्य तेजी से जारी है। इस अभियान के तहत गणना फॉर्मों के 94.15 प्रतिशत से अधिक सत्यापन का कार्य पूरा हो चुका है।
डॉ. सोना थिंद ने बताया कि जिले के नागरिकों और बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के सहयोग से यह प्रक्रिया जल्द ही पूरी कर ली जाएगी। उन्होंने कहा कि घर-घर जाकर गणना फॉर्म एकत्र करने का कार्य अभी भी जारी है और भारत निर्वाचन आयोग के संशोधित कार्यक्रम के अनुसार यह प्रक्रिया 3 अगस्त 2026 तक चलेगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की कि वे मतदाता सूची के इस विशेष पुनरीक्षण अभियान के दौरान बीएलओ का पूरा सहयोग करें। उन्होंने कहा कि यदि किसी मतदाता को अपने विवरण में संशोधन करवाना है, नया नाम जुड़वाना है या किसी दावे अथवा आपत्ति से संबंधित जानकारी देनी है, तो निर्धारित समय के भीतर संबंधित निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी के कार्यालय या अपने बीएलओ के माध्यम से आवेदन अवश्य करें।
उन्होंने कहा कि सही और अद्यतन मतदाता सूची लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए अत्यंत आवश्यक है और प्रत्येक पात्र नागरिक की सक्रिय भागीदारी इस अभियान की सफलता के लिए महत्वपूर्ण है।






