जालंधर: 25 जुलाई, 2026 (मनोज वर्मा): शहर के किशनपुरा क्षेत्र स्थित कमला माता चौक के पास मंदिर वाली गली में देर रात बिजली की तारों में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग ने कुछ ही समय में विकराल रूप ले लिया, लेकिन राहत की बात यह रही कि आग आसपास के घरों तक नहीं पहुंची और एक बड़ा हादसा होने से बच गया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक घटना रात करीब 2 बजे हुई, जब बिजली की तारों में शॉर्ट सर्किट के कारण चिंगारियां निकलने लगीं और देखते ही देखते आग भड़क गई। आग की लपटें देखकर लोगों ने तुरंत बिजली विभाग को सूचना दी, लेकिन स्थानीय निवासियों का आरोप है कि सुबह तक विभाग का कोई अधिकारी या कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा।
आग लगने के बाद पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, जिससे लोगों को रातभर परेशानी का सामना करना पड़ा। भीषण गर्मी के बीच कई परिवारों को मजबूरी में घरों से बाहर बैठना पड़ा। वहीं, जली हुई बिजली की तारों के टुकड़े सड़क पर गिरने से लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
इलाका निवासियों ने मांग की है कि खराब हो चुकी बिजली की तारों को जल्द बदला जाए और बिजली सप्लाई को सुचारू रूप से बहाल किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
फिलहाल क्षेत्र के लोग बिजली आपूर्ति बहाल होने और क्षतिग्रस्त तारों की मरम्मत का इंतजार कर रहे हैं।






