हरियाणा, 25 जुलाई, 2026 (संजीव सिंगला): हरियाणा के बिजली मंत्री अनिल विज के विभाग में बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (DHBVN) मुख्यालय, हिसार द्वारा जारी आदेशों के अनुसार 13 कार्यकारी अभियंताओं (XEN) को पदोन्नत कर अधीक्षण अभियंता (Superintending Engineer-SE) बनाया गया है और उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
इस प्रशासनिक फेरबदल का सबसे अधिक प्रभाव हिसार में देखने को मिला है, जहां कई अधिकारियों को पदोन्नति के साथ महत्वपूर्ण दायित्व दिए गए हैं। वहीं, कुछ अधिकारियों की नई तैनाती DHBVN मुख्यालय, हिसार में की गई है। इसके अलावा दो अधिकारियों की पदोन्नति फिलहाल रोकते हुए उन्हें प्रतीक्षा सूची (वेटिंग लिस्ट) में रखा गया है।
तत्काल प्रभाव से लागू हुए आदेश
DHBVN के प्रबंध निदेशक (MD) की मंजूरी के बाद जारी किए गए ये आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं। पदोन्नत अधिकारियों को पे मैट्रिक्स लेवल-14 के अंतर्गत अधीक्षण अभियंता (SE) के पद पर नियुक्त किया गया है।
जारी आदेशों के अनुसार सभी पदोन्नत अधिकारी एक वर्ष की परिवीक्षा अवधि (Probation Period) पर रहेंगे तथा उन्हें निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना नया कार्यभार ग्रहण करना होगा।






