लेहरागागा, 25 जुलाई,2026 (प्रभजोत सिंह): पंजाब सरकार द्वारा युवाओं को नशे से दूर कर खेल गतिविधियों की ओर प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से स्पोर्ट्स विंग को मजबूत किया जा रहा है। इसी कड़ी में लेहरा विधानसभा क्षेत्र के युवा नेता सिमरन गिफ्टी को स्पोर्ट्स विंग, हलका लेहरा का चेयरमैन नियुक्त किया गया है।

नियुक्ति के बाद आयोजित सम्मान समारोह में पंजाब के कैबिनेट मंत्री एडवोकेट बरिंदर गोयल अपनी पत्नी सीमा गोयल और परिवार के साथ पहुंचे। इस अवसर पर मंत्री ने सिमरन गिफ्टी को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि वे क्षेत्र के युवाओं को खेलों से जोड़ने और सकारात्मक गतिविधियों में भागीदारी बढ़ाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
बरिंदर गोयल ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखकर उन्हें खेल, शिक्षा और अन्य रचनात्मक क्षेत्रों में आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि सरकार गांव-गांव आधुनिक खेल स्टेडियम विकसित करने, जिम स्थापित करने और खिलाड़ियों को खेल सामग्री उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
मंत्री ने यह भी कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर फैलाई जा रही अफवाहों में कोई सच्चाई नहीं है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि लोगों के हित में शुरू की गई योजनाएं जारी रहेंगी और उनका लाभ अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।
उन्होंने महिलाओं के लिए प्रस्तावित “मावां धीयां सतिकार योजना” का उल्लेख करते हुए कहा कि इस योजना को लेकर भी विपक्ष द्वारा भ्रम फैलाने की कोशिश की जा रही है, जबकि सरकार समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए कार्य कर रही है।
इस मौके पर सिमरन गिफ्टी ने पार्टी नेतृत्व और कैबिनेट मंत्री बरिंदर गोयल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के अधिक से अधिक युवाओं को खेलों से जोड़ने और स्वस्थ वातावरण तैयार करने के लिए विशेष अभियान चलाए जाएंगे।
कार्यक्रम में गौरव गोयल, मार्केट कमेटी लेहरा के चेयरमैन सीसपाल आनंद, बिल्ला सिंह घोड़ेनाब, बब्बू सिंगला, रतन शर्मा, व्यापारी विंग के चेयरमैन प्रिंस कुमार, परवीन कुमार टिक्का, अजय कुमार ठोली, ओएसडी राकेश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्वयंसेवक उपस्थित रहे।






