संगरूर, 26 जुलाई,2026 (राजेश कुमार): ग्रामीण विकास को गति देने के उद्देश्य से हलका संगरूर की विधायक नरेंद्र कौर भराज ने शनिवार को क्षेत्र के कई गांवों का दौरा कर लोगों से सीधा सम्पर्क किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को जनहित से जुड़े मामलों शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

विधायक ने गांव मंगवाल, सारों, फग्गूवाला, नदामपुर और चन्नो में आयोजित जनसभाओं के दौरान ‘रंगला पंजाब योजना’ के तहत विकास कार्यों के लिए अनुदान राशि के चेक भी वितरित किए। योजना के अंतर्गत मंगवाल को 28 लाख, सारों को 31 लाख, नदामपुर को 20 लाख, चन्नो को 18 लाख तथा फग्गूवाला को 17 लाख की वित्तीय सहायता प्रदान की गई। उन्होंने कहा कि यह राशि गांवों की जरूरतों के अनुसार विकास कार्यों पर खर्च की जाएगी, जिससे ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
नरेंद्र कौर भराज ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार गांवों के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सीवरेज, सड़क निर्माण और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए बड़े स्तर पर धनराशि जारी की जा रही है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों का संतुलित और टिकाऊ विकास सुनिश्चित किया जा सके।
उन्होंने लोगों से राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि संगरूर विधानसभा क्षेत्र के सभी गांवों में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनता की समस्याओं के समाधान और क्षेत्र के विकास के लिए उनका जनसंपर्क लगातार जारी रहेगा।
कार्यक्रम के दौरान अवतार तारी, लखविंदर सिंह फग्गूवाला, गुरप्रीत सिंह फग्गूवाला, लक्की शर्मा, गुरप्रीत सिंह, करमजीत कौर, जगसीर सिंह जग्गू, हरिंदर सिंह सारों, गुरप्रीत सिंह नदामपुर, रणवीर सिंह नदामपुर, विक्रम सिंह नकटे सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।






