27 जुलाई, 2026 (राजेश कुमार): पंजाब और चंडीगढ़ के कई इलाकों में बीती रात से बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने 27 जुलाई से अगले चार दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी जारी दी है। 28 और 29 जुलाई के लिए भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान डैमों में पानी का स्तर अभी खतरे के निशान से नीचे बना हुआ है।
चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, पंजाब में तापमान में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई है। राज्य के अधिकतम तापमान में 1.6 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई है, जिससे मौसम सामान्य के करीब पहुंच गया है। बठिंडा में सबसे अधिक 36.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं, चंडीगढ़ में रातभर हुई बारिश के बाद अब तक 40 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है।
मौसम विभाग ने पंजाब के सभी जिलों में बारिश की संभावना जताई है। पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर और रूपनगर में गरज के साथ तेज बारिश होने का अनुमान है। इसके अलावा अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, मोहाली, लुधियाना, मोगा, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट और मानसा समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के निदेशक सुरिंदर पाल ने बताया कि राजस्थान के ऊपर बने कम दबाव वाले क्षेत्र और उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। अगले कुछ दिनों तक आसमान में बादल छाए रहने और रुक-रुककर बारिश होने की संभावना बनी हुई है।
उधर, पंजाब में बिजली व्यवस्था फिलहाल सामान्य बनी हुई है। रविवार को राज्य में बिजली की मांग 13,967 मेगावाट तक पहुंची। इसे पूरा करने के लिए पंजाब के बिजली संयंत्रों से 4,417 मेगावाट बिजली का उत्पादन किया गया, जबकि शेष बिजली अन्य स्रोतों से जुटाई गई। बिजली उपलब्धता में कमी के बावजूद राज्य में आपूर्ति पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ा और सप्लाई सुचारू रही।






