नई दिल्ली, 29 जुलाई,2026 (अनिल कुमार भारती): दिल्ली में हुए विरोध प्रदर्शन और छात्रों पर लाठीचार्ज के मुद्दे पर भाजपा सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी प्रतिक्रिया दी है। उनके बयान के बाद एक बार फिर उन्हें आलोचनाओं और ट्रोलिंग का सामना करना पड़ रहा है। कंगना ने अपनी पोस्ट में कहा कि हर कार्रवाई का एक परिणाम होता है। उन्होंने प्रदर्शनकारियों पर निशाना साधते हुए लिखा कि अगर किसी ने देश या नेतृत्व के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया है, तो उसे लोगों की प्रतिक्रिया का सामना करना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि देश से प्यार करने वाले लोगों को भी अपनी बात रखने का अधिकार है, क्योंकि उन्होंने लोकतांत्रिक प्रक्रिया के जरिए सरकार चुनी है। कंगना ने यह भी लिखा कि अब शिकायत करने का कोई मतलब नहीं है और हर क्रिया की प्रतिक्रिया होती है। इससे पहले भी कंगना अपने बयानों को लेकर विवादों में रह चुकी हैं। उन्होंने कुछ प्रदर्शनकारियों की भाषा और सोशल मीडिया पोस्ट पर सवाल उठाते हुए उन्हें लेकर कड़ी टिप्पणी की थी, जिसके बाद भी उन्हें आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था।






