नई दिल्ली,29 जुलाई, 2026 (छत्रपाल सिंह): आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने ई20 पेट्रोल को लेकर केंद्र सरकार और ऑटोमोबाइल कंपनियों पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने दावा किया कि वाहन निर्माता कंपनियां 2023 से पहले निर्मित पेट्रोल वाहनों में ई20 ईंधन के इस्तेमाल को लेकर स्पष्ट जानकारी देने से बच रही हैं। केजरीवाल ने बताया कि उन्होंने 29 ऑटो कंपनियों को पत्र लिखकर पूछा था कि क्या पुराने पेट्रोल वाहनों में ई20 ईंधन सुरक्षित है और यदि इससे इंजन, माइलेज या अन्य हिस्सों को नुकसान होता है तो उसकी जिम्मेदारी कौन लेगा।
आप नेता के अनुसार, कुछ कंपनियों के अधिकारियों ने निजी बातचीत में पुराने वाहनों पर ई20 के संभावित प्रभावों की बात कही, लेकिन सार्वजनिक रूप से बयान देने से इनकार किया। हालांकि, ऑटो कंपनियों या केंद्र सरकार की ओर से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
केजरीवाल ने केंद्र की ई20 नीति पर भी सवाल उठाते हुए दावा किया कि इससे 2023 से पहले के करीब 30 करोड़ वाहन प्रभावित हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल से माइलेज में कमी आ सकती है और इसकी लागत को लेकर भी चिंता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि ई20 ईंधन पर आयोजित होने वाले राष्ट्रीय टाउन हॉल कार्यक्रम को रोकने की कोशिश की जा रही है।






