Thursday, August 27, 2026
HomeHaryanaसीवरेज हादसों पर सख्त हुए रणबीर गंगवा, लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई

सीवरेज हादसों पर सख्त हुए रणबीर गंगवा, लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई

हरियाणा ,29 जुलाई,2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा ने सीवरेज और मैनहोल से जुड़े कार्यों में होने वाले हादसों और सुरक्षा लापरवाही को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सुरक्षा नियमों की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। यदि सुरक्षा उपायों की कमी के कारण किसी कर्मचारी की जान जाती है तो संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

मंत्री ने राज्य में सीवरेज और मैनहोल कार्यों की निगरानी के लिए 7 समितियों के गठन के निर्देश दिए हैं। प्रत्येक समिति में मुख्य अभियंता, संबंधित सर्कल के अधीक्षण अभियंता और संबंधित डिवीजन के कार्यकारी अभियंता शामिल होंगे। ये समितियां नियमित रूप से फील्ड निरीक्षण करेंगी, सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच करेंगी और अपनी रिपोर्ट सीधे मुख्यालय भेजेंगी।

रणबीर गंगवा ने कहा कि निरीक्षण प्रक्रिया को प्रभावी और निष्पक्ष बनाने के लिए मुख्य अभियंताओं को उनके वर्तमान प्रशासनिक क्षेत्रों से अलग-अलग सर्कलों की जिम्मेदारी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हुई सीवरेज और मैनहोल से जुड़ी घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त निगरानी जरूरी है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बिना निर्धारित सुरक्षा उपकरणों और नियमों का पालन किए किसी भी कर्मचारी को सीवरेज या मैनहोल में उतरने की अनुमति न दी जाए। कर्मचारी सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही सहन नहीं की जाएगी। मंत्री ने बताया कि 23 जून को हरियाणा जल आपूर्ति एवं सीवरेज बोर्ड की बैठक में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी सीवरेज और मैनहोल कार्यों में सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे।

रणबीर गंगवा ने कहा कि कुछ मामलों में ठेकेदारों और विभागीय अधिकारियों की लापरवाही सामने आई है। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रदेश में कहीं भी खुले सीवरेज मैनहोल या सीवरेज ओपनिंग नहीं रहनी चाहिए और इनकी नियमित जांच की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि हादसों के बाद कई बार विभागीय अधिकारी समय पर प्रारंभिक रिपोर्ट, तथ्य जांच रिपोर्ट और कार्रवाई रिपोर्ट मुख्यालय को नहीं भेजते। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी घटना की सूचना और संबंधित रिपोर्ट तुरंत मुख्यालय भेजना सुनिश्चित करें।

कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने प्रदेश के सभी उपायुक्तों (डी.सी) को निर्देश दिए हैं कि वे अपनी मासिक समीक्षा बैठकों में सीवरेज और मैनहोल कार्यों में सुरक्षा मानकों के पालन की नियमित समीक्षा करें। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के निर्देशों के साथ-साथ सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का भी पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाए।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments