31 जुलाई,2026 (चौधरी प्रभजीत सिंह): हैदराबाद साइबर क्राइम पुलिस ने NEET पेपर लीक विरोध प्रदर्शन के दौरान सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर कथित आपत्तिजनक और छेड़छाड़ की गई सामग्री पोस्ट करने के मामले में केस दर्ज किया है। इस मामले में कई फेसबुक और इंस्टाग्राम अकाउंट संचालकों के साथ-साथ मेटा इंडिया के एक अधिकारी का नाम भी शामिल किया गया है।
पुलिस के अनुसार, यह शिकायत 29 जुलाई को बीजेपी तेलंगाना के सोशल मीडिया सेल से जुड़े टी. साई किरण गौड़ ने दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि फेसबुक और इंस्टाग्राम पर कुछ रील्स और पोस्ट ऐसी थीं, जिनमें प्रधानमंत्री के खिलाफ अपमानजनक सामग्री दिखाई गई और भ्रामक संदेश फैलाने का प्रयास किया गया। शिकायतकर्ता ने पुलिस को करीब 20 सोशल मीडिया लिंक सौंपे और आरोप लगाया कि इन पोस्टों से नफरत फैल सकती है, गलत सूचना को बढ़ावा मिल सकता है और सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो सकता है।
पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सबूत सुरक्षित रखने, संबंधित अकाउंट संचालकों की पहचान करने और मेटा से जानकारी हासिल करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।






