31 जुलाई,2026 (अनिल कुमार भारती): पंजाब में एक्साइज और टैक्स इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। परीक्षा परिणाम में कुछ उम्मीदवारों के अनोखे नाम सामने आने के बाद राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए हैं। मामला इतना बढ़ गया कि पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट ने भर्ती प्रक्रिया पर रोक लगा दी है।
बठिंडा जिले के गांव जै सिंह वाला के युवक ‘एक दिन करमां वाला’ का नाम सबसे ज्यादा चर्चा में आया। कुछ नेताओं ने इस नाम को लेकर सवाल उठाए, लेकिन युवक ने बताया कि यह उसका वास्तविक नाम है, जो उसके दादा ने जन्म से पहले ही तय कर दिया था। परिवार ने बुजुर्गों की इच्छा का सम्मान करते हुए नाम नहीं बदला। युवक ने बताया कि उसने बीबीए में 64.78 प्रतिशत, 12वीं में 69.11 प्रतिशत और 10वीं में 70 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। सोशल मीडिया पर नाम को लेकर उठे सवालों से वह काफी परेशान है।
इसी तरह बठिंडा के एक अन्य उम्मीदवार जिप्स का नाम भी चर्चा में रहा। उसने बताया कि उसका नाम उसके मामा ने एक क्रिकेट खिलाड़ी से प्रभावित होकर रखा था। इससे पहले उसने कई सरकारी परीक्षाएं दीं, लेकिन कभी उसके नाम पर कोई सवाल नहीं उठा। जालंधर की उम्मीदवार शमायली, जो एमबीए कर रही हैं, का नाम भी सूची में चर्चा का विषय बना। वहीं मानसा के अमनदीप सिंह के नाम की जगह गलती से ‘स्टेट बैंक ऑफ इंडिया’ दर्ज होने का मामला सामने आया। उन्होंने कहा कि गलती किसी और की है, लेकिन शक उनके ऊपर किया जा रहा है।
इसके अलावा जालंधर की रिशमा को दो रोल नंबर जारी होने का मामला भी सामने आया। एक रोल नंबर उसके असली नाम से और दूसरा ‘फोटो’ नाम से था, जिसके बाद उसने परीक्षा में शामिल न होने का फैसला लिया। इन मामलों के बाद उम्मीदवारों का कहना है कि नामों की वजह से उनकी पहचान और मेहनत पर सवाल उठाना गलत है। भर्ती प्रक्रिया में हुई गड़बड़ियों की जांच अब आगे की कार्रवाई तय करेगी।






