नई दिल्ली, 31 जुलाई 2026 (गुरप्रीत सिंह): गूगल ने ऐप स्टोर के लिए अपनी नई प्ले एज सिग्नल ए.पी.आई उम्र जांच प्रणाली को 2026 के अंत तक दुनियाभर में लागू करने की घोषणा की है। इस सिस्टम की मदद से ऐप डेवलपर्स यूजर्स की उम्र से जुड़ी जानकारी प्राप्त कर सकेंगे और उन्हें उम्र के अनुसार ऐप्स व कंटेंट उपलब्ध करा सकेंगे।
यह सुविधा गूगल फैमिली लिंक से जुड़ी होगी और इसमें यूजर्स को आईडी या सेल्फी के जरिए पहचान सत्यापन करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। गूगल के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य बच्चों को ऑनलाइन खतरों से बचाना और सुरक्षित डिजिटल अनुभव देना है।
हालांकि, प्राइवेसी विशेषज्ञों ने इस कदम को लेकर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि उम्र सत्यापन तकनीक के इस्तेमाल से यूजर्स की ऑनलाइन गोपनीयता पर असर पड़ सकता है। वहीं, कुछ विशेषज्ञों ने यह भी संभावना जताई है कि कुछ लोग गलत जानकारी देकर ऐसे सिस्टम को चकमा देने की कोशिश कर सकते हैं।






