शिमला,1 अगस्त,2026 (अनिल कुमार भारती): हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंदर गुप्ता ने भारतीय सेना के पूर्व प्रमुख जनरल वी.एन. शर्मा के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। जनरल शर्मा का 97 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वे भारतीय सेना के 14वें प्रमुख थे और वर्ष 1988 से 1990 तक सेना प्रमुख के पद पर रहे। राज्यपाल ने कहा कि जनरल वी.एन. शर्मा ने देश की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनकी नेतृत्व क्षमता, सैन्य दक्षता और राष्ट्र के प्रति समर्पण हमेशा प्रेरणादायी रहेगा। उन्होंने अपने लंबे सैन्य जीवन में उत्कृष्ट सेवाएं देकर देश के लिए एक अमूल्य विरासत छोड़ी है।
कविंदर गुप्ता ने बताया कि जनरल शर्मा का संबंध हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के दाद गांव से था। यह क्षेत्र अपनी सैन्य परंपराओं और सशस्त्र बलों में योगदान के लिए प्रसिद्ध है। देश सेवा में व्यस्त रहने के बावजूद जनरल शर्मा का अपने पैतृक गांव से गहरा जुड़ाव बना रहा। राज्यपाल ने कहा कि जनरल शर्मा का निधन एक गौरवशाली सैन्य युग के समाप्त होने जैसा है। हिमाचल प्रदेश ने एक महान सैन्य अधिकारी और देशभक्त व्यक्तित्व को खो दिया है। उनकी ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र सेवा की भावना आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।
उन्होंने कहा कि देश की संप्रभुता और अखंडता की रक्षा के लिए जनरल शर्मा की प्रतिबद्धता के कारण उन्हें सेना और देशवासियों का सम्मान प्राप्त हुआ। भारतीय सेना को मजबूत बनाने में उनके योगदान को हमेशा श्रद्धा और गर्व के साथ याद किया जाएगा। राज्यपाल ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।






