प्रदेश के 17 जिलों में संचालित आधार सेवा केंद्रों पर मिलेंगी आधार से जुड़ी विभिन्न सुविधाएं, नए आधार नामांकन की सेवा पूरी तरह निशुल्क
हरियाणा, 25 नवंबर 2026 (संजीव शर्मा): भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) के प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि क्षेत्रीय कार्यालय, चंडीगढ़ की ओर से हरियाणा के नागरिकों को आधार सेवाएं आसानी से उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से प्रदेश में 17 आधार सेवा केंद्र (ASK) संचालित किए जा रहे हैं। इन केंद्रों के माध्यम से प्रदेश के विभिन्न जिलों और आसपास के क्षेत्रों के निवासियों को आधार से संबंधित सेवाएं उनके नजदीक ही उपलब्ध हो रही हैं। इससे नागरिकों को आधार से जुड़े सामान्य कार्यों के लिए अनावश्यक रूप से UIDAI के क्षेत्रीय कार्यालय, चंडीगढ़ तक आने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
UIDAI द्वारा स्थापित ये आधार सेवा केंद्र हिसार, गुरुग्राम, सोनीपत, यमुनानगर, अंबाला, कुरुक्षेत्र, फतेहाबाद, सिरसा, कैथल, भिवानी, पानीपत, मेवात (नूंह), जींद, झज्जर, करनाल, रोहतक और पलवल में स्थित हैं। इन केंद्रों का उद्देश्य नागरिकों को आधार सेवाओं के लिए अतिरिक्त सुविधा और आसान पहुंच उपलब्ध करवाना है। नागरिक अपने निवास स्थान के नजदीक स्थित आधार सेवा केंद्र पर जाकर अपनी सुविधानुसार सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं। ये केंद्र पहले से संचालित अन्य आधार नामांकन और अपडेट केंद्रों के अतिरिक्त सुविधा केंद्रों के रूप में काम कर रहे हैं।
हिसार का आधार सेवा केंद्र SCO-43, पहली मंजिल, सेक्टर-13, मेन पार्किंग, तोशाम रोड, डाबचौक के नजदीक स्थित है। गुरुग्राम में यह प्लॉट नंबर 804, पहली मंजिल, चक्करपुर मेन मार्केट रोड, सरस्वती विहार, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में है। सोनीपत में U-38, ओल्ड महावीर कॉलोनी, पुरखास रोड, HP पेट्रोल पंप के नजदीक, यमुनानगर में SCO नंबर 3/4, आनंद कॉलोनी, गाबा अस्पताल के नजदीक, अंबाला में SCO-19, हुड्डा शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, सेक्टर-9 और कुरुक्षेत्र में SCO-94, सेक्टर-17, हुड्डा में आधार सेवा केंद्र संचालित हैं।
इसी तरह फतेहाबाद में स्ट्रीट नंबर-3, सूर्या एन्क्लेव, बैंक ऑफ महाराष्ट्र के नजदीक, सिरसा में ओल्ड कोर्ट कॉलोनी, ट्रैफिक थाने के सामने, कैथल में मध्य मार्ग, नेहरू गार्डन कॉलोनी, गली नंबर-8 के नजदीक, भिवानी में SCO-3, हुड्डा मार्केट और पानीपत में जाटल रोड, संजय चौक के नजदीक आधार सेवा केंद्र स्थित हैं। नूंह (मेवात) में दिल्ली-अलवर रोड, बालाजी पेट्रोल पंप के सामने, हिदायत कॉलोनी, जींद में SCO-191, डिस्ट्रिक्ट शॉपिंग सेंटर, LIC कार्यालय और जिला अदालत के नजदीक, झज्जर में रोहतक रोड, भगत सिंह चौक के नजदीक, करनाल में SCO-40, सेक्टर-6 मेन मार्केट रोड, रोहतक में पैसिफिक सिटी सेंटर, जाट भवन के नजदीक और पलवल में सिविल लाइंस कॉलोनी, मथुरा रोड पर आधार सेवा केंद्र उपलब्ध हैं।
प्रवक्ता ने बताया कि इन केंद्रों पर नागरिकों को नया आधार बनवाने, नाम, पता, जन्मतिथि और लिंग जैसे जनसांख्यिकीय विवरणों में संशोधन करवाने, बायोमेट्रिक अपडेट तथा UIDAI के दिशा-निर्देशों के अनुसार आधार से संबंधित अन्य सेवाएं उपलब्ध करवाई जाती हैं। नया आधार बनवाने की सुविधा पूरी तरह निशुल्क है, जबकि अन्य सेवाओं के लिए, जहां लागू हो, UIDAI द्वारा निर्धारित शुल्क लिया जाता है।
ये आधार सेवा केंद्र हर आयु वर्ग के नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए तैयार किए गए हैं। इनमें बच्चों, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों के लिए भी सुगम, समावेशी और सुविधाजनक माहौल उपलब्ध करवाने पर विशेष ध्यान दिया गया है। इससे प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में रहने वाले नागरिकों को आधार से संबंधित कार्य करवाने के लिए अधिक सुविधाजनक विकल्प मिल रहे हैं।
UIDAI के क्षेत्रीय कार्यालय, चंडीगढ़ में किसी विशेष कार्य के लिए जाने वाले नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे अपनी यात्रा से 10 से 15 दिन पहले ऑनलाइन अपॉइंटमेंट अवश्य बुक कर लें। इसके लिए UIDAI के अपॉइंटमेंट पोर्टल https://sewa.uidai.gov.in पर जाकर पहले से समय लिया जा सकता है। इससे नागरिक अपनी यात्रा की बेहतर योजना बना सकेंगे और कार्यालय में सुचारू रूप से सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे।
UIDAI के क्षेत्रीय कार्यालय, चंडीगढ़ की इस पहल का उद्देश्य नागरिक-केंद्रित सेवाओं को बढ़ावा देना, आधार सुविधाओं की पहुंच आसान बनाना तथा आम लोगों का समय और अनावश्यक यात्रा बचाना है।