1 अगस्त,2026 (प्रभजोत सिंह): ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में पंजाब के वेटलिफ्टर लवप्रीत सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल अपने नाम किया है। पुरुषों के +110 किलोग्राम भार वर्ग में लवप्रीत ने अपनी ताकत, तकनीक और शानदार खेल कौशल का प्रदर्शन कर भारत और पंजाब का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया।
लवप्रीत सिंह की इस बड़ी उपलब्धि से पंजाब समेत पूरे देश में खुशी का माहौल है। खेल प्रेमियों और प्रशंसकों ने उनकी इस सफलता की जमकर सराहना की है।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लवप्रीत सिंह को इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि पंजाब के खिलाड़ी इसी तरह खेल के मैदान में देश और राज्य का गौरव बढ़ाते रहें और ‘रंगला पंजाब’ का नाम दुनिया भर में चमकाते रहें। मुख्यमंत्री ने लवप्रीत के उज्ज्वल भविष्य और आने वाली प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
इससे पहले कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत ने बेहद कम समय में दो गोल्ड मेडल जीतकर शानदार शुरुआत की। शुक्रवार रात जूडो खिलाड़ी अस्मिता डे ने महिलाओं के 48 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में कनाडा की हेइडी क्वाच को 2-1 से हराकर भारत के लिए पहला स्वर्ण पदक हासिल किया। इसके कुछ ही मिनटों बाद हरष सिंह ने पुरुषों के 60 किलोग्राम वर्ग में ऑस्ट्रेलिया के जे कात्ज को 10-0 से मात देकर भारत की झोली में दूसरा गोल्ड डाल दिया।
इन सफलताओं के साथ भारत पदक तालिका में 9वें स्थान पर पहुंच गया है। भारत के खाते में अब कुल 19 पदक हैं, जिनमें 5 स्वर्ण, 10 रजत और 4 कांस्य पदक शामिल हैं। भारतीय खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन से देशभर में उत्साह का माहौल है और खेल प्रशंसक इन उपलब्धियों का जश्न मना रहे हैं।





