संगरूर/सुनाम, 1 अगस्त,2026 (अनिल कुमार भारती): पंजाब सरकार द्वारा श्री गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित चलाई जा रही विशेष मुहिम के तहत गांव राम नगर सिविया में श्री गुरु रविदास जी महाराज के जीवन, दर्शन तथा समाज सुधार के लिए उनके महान योगदान पर आधारित डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन किया गया।
गांव के सरपंच हाकम सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि श्री गुरु रविदास जी महाराज ने अपनी वाणी और जीवन के माध्यम से समाज को समानता, आपसी भाईचारे, सत्य, मेहनत और मानवता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की डॉक्यूमेंट्री युवा पीढ़ी को गुरु साहिब के महान जीवन और उच्च आदर्शों से जोड़ने का एक महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने श्री गुरु रविदास जी महाराज के जीवन और शिक्षाओं को घर-घर तक पहुंचाने के लिए पंजाब सरकार द्वारा किए जा रहे इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इससे समाज में समानता, सामाजिक सद्भाव और आपसी एकता का संदेश और अधिक मजबूत होगा।
डॉक्यूमेंट्री प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों, पंचायत सदस्यों तथा युवाओं ने भाग लिया और श्री गुरु रविदास जी महाराज के जीवन एवं उपदेशों से प्रेरणा प्राप्त की।






