हरियाणा, 4 अगस्त (संजीव शर्मा): मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में हुई बैठक में रेवाड़ी जिले के तीन व्यस्त रेलवे लेवल क्रॉसिंग की जगह इंटीग्रेटेड रेलवे ओवरब्रिज बनाने को मंजूरी दी गई है। इस परियोजना की अनुमानित लागत 207.29 करोड़ रुपये है, जिसे हरियाणा स्टेट रोड्स एंड ब्रिजेज डेवलपमेंट कॉरपोरेशन द्वारा पूरा किया जाएगा। इससे रेवाड़ी शहर में रेलवे फाटकों के कारण लगने वाले जाम से राहत मिलेगी और यातायात व्यवस्था बेहतर होगी।
परियोजना के तहत दो लेन और चार लेन रेलवे ओवरब्रिज के साथ रोड अंडरब्रिज, सर्विस रोड और अन्य सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे सड़क और रेल यातायात अलग-अलग हो जाएगा, जिससे दुर्घटनाओं में कमी आएगी और लोगों को सुरक्षित व सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। सरकार के अनुसार, इस प्रोजेक्ट से रेवाड़ी में यात्रा समय कम होगा और औद्योगिक व व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।






