4 अगस्त,2026 (संजीव सिंगला): हरियाणा सरकार ने ठेका कर्मचारियों की सेवा सुरक्षा के लिए गठित पोर्टल में विभिन्न संगठनों को शामिल करने के लिए वित्त एवं योजना विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय समिति बनाई है। समिति पात्र संस्थानों की जांच कर सूची तैयार करेगी और उन्हें सेवा सुरक्षा अधिनियम, 2024 के तहत शामिल करने के मानदंड तय करेगी। सरकार ने सेवा सुरक्षा पोर्टल पर पंजीकरण और सत्यापन की समय-सीमा भी बढ़ा दी है। स्कूल शिक्षा विभाग के कंप्यूटर फैकल्टी, कंप्यूटर लैब अटेंडेंट, डी.आई.टी.एस और हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के ठेका कर्मचारियों के लिए नई समय-सारिणी जारी की गई है।
इसके अनुसार कर्मचारी 7 अगस्त तक पंजीकरण कर सकेंगे। डीडीओ द्वारा सत्यापन 14 अगस्त तक और विभागाध्यक्ष द्वारा अंतिम सत्यापन 21 अगस्त, 2026 तक पूरा किया जाएगा। मुख्य सचिव ने सभी विभागों को समय-सीमा का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं।






