धूरी, 4 अगस्त,2026 (हर्षलीन सिंह): महिला एवं बाल विकास विभाग, सामाजिक सुरक्षा, पंजाब के दिशा-निर्देशों तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी संगरूर प्रदीप सिंह गिल के नेतृत्व में सेफ स्कूल वाहन पॉलिसी के तहत धूरी में स्कूल बसों की विशेष जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान ट्रैफिक इंचार्ज संजय कुमार, शिक्षा विभाग के इंद्रजीत सिंह और जिला बाल संरक्षण कार्यालय, संगरूर के अमनदीप सिंह ने संयुक्त रूप से कुल 8 स्कूल बसों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण में दो बसों में सेफ स्कूल वाहन पॉलिसी के नियमों का उल्लंघन पाया गया। एक बस में फर्स्ट एड किट नहीं मिली, जबकि दूसरी बस का चालक निर्धारित वर्दी में नहीं था। इन कमियों के चलते दोनों बसों के कुल दो चालान किए गए। जांच टीम ने स्कूल प्रबंधन और बस चालकों को सेफ स्कूल वाहन पॉलिसी के सभी सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए। साथ ही बसों में फर्स्ट एड किट, अग्निशमन यंत्र, आवश्यक दस्तावेज और अन्य सुरक्षा उपकरण हर समय उपलब्ध रखने पर जोर दिया गया, ताकि विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
प्रदीप सिंह गिल ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सेफ स्कूल वाहन पॉलिसी का प्रभावी पालन सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के जांच अभियान लगातार जारी रहेंगे।






