5 अगस्त,2026 (प्रभजोत सिंह): नगर निगम पटियाला के मेयर कुंदन गोगिया के नेतृत्व में सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों के सम्मान, हितों और कल्याण को समर्पित एक अत्यंत सराहनीय और अनूठी पहल की गई है। आमतौर पर देखा जाता है कि सरकारी या प्रशासनिक सेवाओं से सेवानिवृत्त होने के बाद कर्मचारियों को अपनी ग्रेच्युटी, भविष्य निधि तथा अन्य बकाया राशि प्राप्त करने के लिए महीनों तक कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। लेकिन मेयर कुंदन गोगिया के प्रयासों से नगर निगम पटियाला में इस पुरानी व्यवस्था को बदलकर एक नई मिसाल कायम की गई है।
इसी कड़ी के तहत नगर निगम की सेवानिवृत्त सफाई सेविका श्रीमती बिमला को उनके सेवानिवृत्ति के अवसर पर ही 19 लाख 76 हजार रुपये की ग्रेच्युटी राशि का चेक मेयर द्वारा सौंपा गया। सेवा के अंतिम दिन ही अपना वैधानिक अधिकार प्राप्त होने पर कर्मचारी एवं उनके परिवार ने खुशी व्यक्त करते हुए नगर निगम प्रशासन का विशेष धन्यवाद किया।
इस अवसर पर मेयर कुंदन गोगिया ने कहा कि जिन कर्मचारियों ने अपने जीवन के बहुमूल्य वर्ष नगर निगम और शहर की सेवा में समर्पित किए हैं, उन्हें सेवानिवृत्ति के बाद अपने ही अधिकारों के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ने चाहिए। उन्होंने बताया कि निगम का प्रयास है कि सेवानिवृत्ति से पहले ही सभी आवश्यक दस्तावेज पूरे कर लिए जाएं, ताकि सेवानिवृत्ति के दिन ही ग्रेच्युटी एवं अन्य देय वित्तीय लाभ जारी किए जा सकें। इससे सेवानिवृत्त कर्मचारियों को किसी भी प्रकार की आर्थिक या प्रशासनिक कठिनाई का सामना नहीं करना पड़ेगा।
इस विशेष कार्यक्रम के दौरान मेयर कुंदन गोगिया के साथ नगर निगम के पार्षद श्री गुरकिरपाल सिंह तथा श्री ज्ञान चंद भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने सेवानिवृत्त सफाई सेविका का फूल-मालाओं एवं सम्मान-चिह्न देकर अभिनंदन किया तथा उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए धन्यवाद देते हुए उनके स्वस्थ, सुखद एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।






