पटियाला, 06 अगस्त,2026 (काजल): पंजाब में सरकारी सेवाओं के पूर्ण कंप्यूटरीकरण और डिजिटल सुधारों की श्रृंखला को आगे बढ़ाते हुए पेप्सू रोड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (पीआरटीसी) ने अपनी बसों में नई ऑनलाइन ई-टीएम मशीनें शुरू करने की तैयारी कर ली है। इस संबंध में आज पीआरटीसी मुख्यालय में चेयरमैन एडवोकेट हरपाल जुनेजा और मैनेजिंग डायरेक्टर मनीषा राणा आईएएस की अध्यक्षता में अधिकारियों तथा मुंबई की ‘ओमनीफिसेंट टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड’ कंपनी के सीईओ श्री अमित मेहता और सॉफ्टवेयर इंजीनियर श्री प्रदीप मिश्रा के साथ एक उच्च स्तरीय डेमो बैठक आयोजित की गई।

बैठक के दौरान पटियाला डिपो में नई ऑनलाइन टिकट मशीनों से संबंधित चल रहे पायलट प्रोजेक्ट की कार्यप्रणाली की समीक्षा की गई और सुधार के लिए आवश्यक बिंदुओं पर चर्चा की गई। मैनेजिंग डायरेक्टर मनीषा राणा ने मौके पर ही सभी डिपो के जनरल मैनेजरों को इस प्रोजेक्ट को जल्द से जल्द पूरे पंजाब में लागू करने के निर्देश दिए।
चेयरमैन एडवोकेट हरपाल जुनेजा ने मशीनों का लाइव डेमो स्वयं जांचने के बाद बताया कि इस नई प्रणाली से यात्रियों को नकद पैसे देने की आवश्यकता नहीं होगी। यात्री यूपीआई, डेबिट या क्रेडिट कार्ड के माध्यम से ऑनलाइन किराया अदा कर सकेंगे। उन्होंने आगे बड़ा ऐलान करते हुए बताया कि आम जनता की सुविधा के लिए पीआरटीसी की ओर से एक विशेष मोबाइल एप्लिकेशन भी जारी की जा रही है। इस ऐप के माध्यम से यात्री घर बैठे ही बसों की लाइव लोकेशन, ऑनलाइन टिकट बुकिंग और समय-सारणी से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
चेयरमैन जुनेजा ने कहा कि पीआरटीसी के आईटी सेल को और मजबूत करने तथा यात्रियों को हाई-टेक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए भविष्य में भी ऐसे कदम जारी रहेंगे। उन्होंने इस जनहितैषी और सराहनीय पहल के लिए मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान और परिवहन मंत्री श्री हरपाल सिंह चीमा का विशेष धन्यवाद किया।
बैठक के दौरान जनरल मैनेजर पटियाला श्री जतिंदरपाल सिंह ग्रेवाल, जनरल मैनेजर संगरूर श्री मनिंदरपाल सिंह सिद्धू, जनरल मैनेजर (आईटी) श्री रमन शर्मा और आईटी विंग के विशेषज्ञ मौजूद रहे, जबकि अन्य डिपो के जनरल मैनेजर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।






