Wednesday, August 26, 2026
HomeHaryanaदेश के वीरों को समर्पित प्रदेश की पहली तिरंगा यात्रा का कुरुक्षेत्र...

देश के वीरों को समर्पित प्रदेश की पहली तिरंगा यात्रा का कुरुक्षेत्र में होगा ऐतिहासिक आयोजन:सुभाष सुधा

कुरुक्षेत्र 7 अगस्त (संजीव शर्मा): हरियाणा के पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने कहा कि देश के वीरों और शहीदों को समर्पित प्रदेश की पहली तिरंगा यात्रा का आयोजन 10 अगस्त को कुरुक्षेत्र में किया जा रहा है। इस तिरंगा यात्रा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शामिल होंगे। यह तिरंगा यात्रा पूजा मॉडल स्कूल सेक्टर 2 से शुरु होकर लघु सचिवालय में स्थित शहीदी स्मारक पर संपन्न होगी। यह तिरंगा यात्रा ऐतिहासिक और यादगार रहेगी। इस यात्रा में हजारों की संख्या में युवा, भाजपा नेता, कार्यकर्ता व आमजन शामिल होंगे।


पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा वीरवार को देर सायं लघु सचिवालय शहीदी स्मारक पर कार्यकर्ताओं के साथ तैयारियों को लेकर बातचीत कर रहे थे। इससे पहले पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा, मुख्यमंत्री कार्यालय प्रभारी कैलाश सैनी, भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश सैनी व युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष साहिल सुधा ने सेक्टर 2 में कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। इसके उपरांत तिरंगा यात्रा के रुट पूजा मॉडल स्कूल, पिपली रोड, पुलिस लाईन, नया बस स्टैंड, पंचायत भवन के सामने से शहीदी स्मारक का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि इस तिरंगा यात्रा को सफल बनाने के लिए भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं की डयूटियां लगा दी गई है। इस यात्रा की तैयारियां जोर-शोर से शुरु कर दी गई है और सभी भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में जोश और उत्साह देखने को मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस-2026 के उपलक्ष्य में प्रदेश सरकार इस वर्ष ‘हर घर तिरंगा अभियान’ को पहले से अधिक व्यापक, प्रभावी एवं जनभागीदारी आधारित स्वरूप में आयोजित किया जाएगा। इतना ही नहीं यह अभियान केवल राष्ट्रीय ध्वज फहराने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता तथा स्वतंत्रता संग्राम के महान बलिदानों के प्रति सम्मान व्यक्त करने के लिए आमजन की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी। इस वर्ष इस अभियान को राष्ट्रगीत वंदे मातरम की रचना के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में समर्पित किया गया है। वंदे मातरम् ने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान करोड़ों भारतीयों में राष्ट्र्भक्ति, त्याग और बलिदान की भावना का संचार किया तथा आज भी यह नई पीढ़ी को देश के गौरवशाली इतिहास से जुड़ने की प्रेरणा देता है।
मुख्यमंत्री कार्यालय प्रभारी कैलाश सैनी ने कहा कि जिला में तिरंगा यात्राएं, बाइक रैलियां, साइकिल रैलियां तथा ई-बाइक रैलियां आयोजित की जाएंगी। इन रैलियों के मार्ग स्थानीय शहीद स्मारकों, स्वतंत्रता सेनानी स्मारकों तथा ऐतिहासिक स्थलों से होकर निर्धारित किए जाएंगे, जिससे नागरिकों को अपने स्थानीय इतिहास और वीर सपूतों के योगदान को जानने का अवसर मिलेगा। इस अभियान के दौरान रेलवे स्टेशनों, सार्वजनिक पार्कों, पुस्तकालयों, सभागारों, स्कूलों तथा कॉलेजों सहित प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर विशेष प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। भाजपा के जिलाध्यक्ष रमेश सैनी व युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष साहिल सुधा ने राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा बनाए रखने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक तिरंगे को पूर्ण सम्मान एवं ध्वज संहिता के अनुरूप फहराए। फटा अथवा गंदा ध्वज उपयोग में न लाएं तथा अभियान समाप्त होने के बाद राष्ट्रीय ध्वज को सम्मानपूर्वक सुरक्षित रखें।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments