चेन्नई, 7 अगस्त, 2026 (हर्षलीन सिंह): तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और तमिलगा वेत्री कज़गम के प्रमुख सी. जोसेफ विजय और उनकी पत्नी संगीता सॉर्नलिंगम के बीच चल रहा तलाक का मामला अब समाप्त हो गया है। पारिवारिक अदालत ने संगीता द्वारा तलाक की याचिका वापस लेने के बाद मामले को औपचारिक रूप से बंद कर दिया।
अदालती कार्यवाही के दौरान संगीता ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई और अदालत को बताया कि वह अपनी तलाक की अर्जी वापस लेना चाहती हैं। इसके बाद अदालत ने मामले का निपटारा कर दिया।
गौरतलब है कि संगीता ने इसी वर्ष फरवरी में चेंगलपट्टू की पारिवारिक अदालत में विवाह समाप्त करने के लिए याचिका दायर की थी। उन्होंने याचिका में दोनों के बीच मतभेदों को तलाक का कारण बताया था। इसके साथ ही उन्होंने स्थायी गुजारा भत्ता और चेन्नई के नीलांकरई स्थित वैवाहिक घर में रहने की अनुमति भी मांगी थी।
इस मामले की सुनवाई के दौरान कई बार तारीखें निर्धारित की गईं। जून महीने में भी संगीता ने अदालत को संकेत दिया था कि वह अपनी याचिका वापस लेना चाहती हैं। इसके बाद मामले की अगली सुनवाई 7 अगस्त के लिए तय की गई थी।
विजय और संगीता का विवाह 25 अगस्त 1999 को चेन्नई में हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार हुआ था। दोनों के दो बच्चे हैं। वर्ष 2023 से दोनों के रिश्ते को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं, क्योंकि संगीता कई सार्वजनिक और राजनीतिक कार्यक्रमों में नजर नहीं आई थीं। अब तलाक की याचिका वापस लेने के साथ ही इस मामले पर फिलहाल विराम लग गया है।






