8 अगस्त,2026 (प्रभजोत सिंह): चीन और इजरायल के बीच बढ़ते कूटनीतिक तनाव के बीच इजरायल ने दक्षिण-पश्चिमी चीन के चेंगदू शहर स्थित अपने कांसुलेट को बंद कर दिया है। कांसुलेट ने पिछले महीने ही अपनी गतिविधियां रोक दी थीं और अब इसे औपचारिक रूप से बंद कर दिया गया है। हांगकांग के साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, चेंगदू में इजरायल के कौंसुल जनरल गादी हरपाज ने अपने कार्यकाल के समय पर एक पत्र जारी किया। उन्होंने चीन के इस शहर में बिताए पांच वर्षों को अपने राजनयिक करियर का बेहद यादगार दौर बताया।
हरपाज ने भावुक संदेश में कहा कि कांसुलेट भले ही बंद हो रहा है, लेकिन पिछले वर्षों में दोनों देशों के लोगों के बीच बनाए गए दोस्ती और आपसी सम्मान के रिश्ते कायम रहेंगे। उन्होंने चेंगदू से विदाई को गहरे दुख और पुरानी यादों से भरा बताया। इजरायल की चीन में अभी बीजिंग स्थित दूतावास के अलावा शंघाई, ग्वांगझू और हांगकांग में कांसुलेट मौजूद हैं। इससे पहले पिछले साल के अंत में इजरायल ने चीन में अपने एक राजनयिक मिशन को बंद करने की घोषणा की थी, हालांकि उस समय इसके पीछे की वजह सार्वजनिक नहीं की गई थी।
दोनों देशों के रिश्तों में खटास खास तौर पर अक्टूबर 2023 में इजरायल पर हमास के हमले के बाद दिखाई दी। चीन ने हमले की तत्काल और स्पष्ट निंदा करने के बजाय गाजा संघर्ष के दौरान फिलिस्तीनी पक्ष के प्रति समर्थन जताया। इसके साथ ही चीन के ईरान और अरब देशों के साथ बढ़ते संबंधों को भी इजरायल-चीन संबंधों में तनाव का एक अहम कारण माना जा रहा है। विशेषज्ञों के मुताबिक, पश्चिम एशिया को लेकर चीन की बदलती कूटनीतिक रणनीति का असर अब इजरायल के साथ उसके द्विपक्षीय संबंधों पर भी दिखाई देने लगा है।






