फतेहगढ़ साहिब, 11 अगस्त,2026 (अनिल कुमार भारती):पंजाब राज्य खाद्य आयोग के सदस्य जसवीर सिंह सेखों ने आज जिला प्रशासनिक परिसर में अतिरिक्त उपायुक्त (विकास) सुरिंदर सिंह धालीवाल की मौजूदगी में जिला अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम को अक्षरशः लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पात्र लाभार्थियों को समय पर और पारदर्शी तरीके से खाद्य सुरक्षा योजनाओं का लाभ उपलब्ध करवाया जाए।
सदस्य जसवीर सिंह सेखों ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राशन कार्ड से संबंधित लोगों की शिकायतों का तुरंत निपटारा किया जाए और पात्र परिवारों को योजनाओं से जोड़ने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं। उन्होंने कहा कि पंजाब राज्य खाद्य आयोग का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि खाद्य सुरक्षा कानून के तहत प्रत्येक पात्र व्यक्ति को उसका बनता लाभ मिले।
इसके उपरांत पंजाब राज्य खाद्य आयोग के सदस्य जसवीर सिंह सेखों द्वारा राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम, 2013 के प्रभावी क्रियान्वयन का जायजा लेने के लिए सरहिंद स्थित राशन डिपो का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान डिपो में उपलब्ध अनाज की गुणवत्ता, वजन और नमी की मात्रा की तकनीकी जांच की गई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि राशन डिपुओं को आपूर्ति किए जाने वाले अनाज के वितरण से पहले वजन, नमी और गुणवत्ता की नियमित जांच सुनिश्चित की जाए तथा लाभार्थियों को निर्धारित मापदंडों के अनुसार गुणवत्तापूर्ण अनाज ही उपलब्ध करवाया जाए।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि राशन डिपो पर पंजाब राज्य खाद्य आयोग का हेल्पलाइन नंबर 9876764545 और ई-मेल punjabfoodcommission@gmail.com सहित आवश्यक जानकारी प्रमुख स्थान पर प्रदर्शित की जाए, ताकि आम लोग अपनी शिकायत या सुझाव आसानी से दर्ज करवा सकें।
इसके बाद उन्होंने जिला फतेहगढ़ साहिब के सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्मार्ट स्कूल, संगतपुर सोढियां तथा आंगनवाड़ी सेंटर, गांव संगतपुर सोढियां का औचक दौरा किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों को मिलने वाले मिड-डे मील के भोजन की गुणवत्ता, पीने के पानी, साफ-सफाई आदि का जायजा लिया। उन्होंने स्कूल प्रमुख को कहा कि स्कूल में किचन गार्डन बनाया जाए, ताकि मिड-डे मील में बच्चों को ताजी सब्जियां बनाकर दी जा सकें।
इस मौके पर जिला शिक्षा अधिकारी (सेकेंडरी/एलीमेंट्री) श्रीमती रविंदर कौर, खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी केवल सिंह तथा अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।