12 अगस्त,2026 (अनिल कुमार भारती): भारत और श्रीलंका के बीच 15 अगस्त से गाले में शुरू होने वाली दो टेस्ट मैचों की सीरीज से पहले श्रीलंका के पूर्व ऑलराउंडर फरवीज़ महरूफ ने युवा तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ को भारतीय टीम का संभावित ‘एक्स फैक्टर’ बताया है।
महरूफ का मानना है कि जसप्रीत बुमराह की गैरमौजूदगी में गुरनूर को अंतिम एकादश में मौका मिलना चाहिए। उनके मुताबिक गुरनूर की लंबाई, अतिरिक्त उछाल, गति, गेंदबाजी श्रीलंकाई बल्लेबाजों के लिए परेशानी खड़ी कर सकती है। महरूफ ने कहा कि बुमराह की पुरानी गेंद से रिवर्स स्विंग कराने की क्षमता की कमी भारत को जरूर खलेगी। हालांकि, उन्होंने मोहम्मद सिराज को भी बेहतरीन गेंदबाज बताया।
उन्होंने गुरनूर की तारीफ करते हुए कहा कि अभ्यास मैच में युवा तेज गेंदबाज ने भारतीय बल्लेबाजों को काफी परेशान किया था और कुछ खिलाड़ियों को उसकी गेंदें शरीर पर भी लगी थीं। महरूफ के अनुसार, गुरनूर में तेज रफ्तार के साथ बल्लेबाजों पर दबाव बनाने की क्षमता है और वह इस सीरीज में भारत के लिए बड़ा हथियार साबित हो सकता है।






